मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
यूपी में लड़कियों की सुरक्षा को लेकर सरकार चाहे जितना दावा करे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शहर गोरखपुर में दबंगों ने बीच सड़क पर युवती की पिटाई करके सरकार के दावों की हवा निकाल दिये। गोरखपुर शहर में पिता को लेकर जा रही एक लड़की को कार से खींचकर पीटा गया। आरोप है कि उसके साथ बदसलूकी और छेड़छाड़ की गई। घटना का एक वीडियो शनिवार को जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तब आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने धारा बढ़ाया। हालांकि शाहपुर क्षेत्र में रेलवे हॉस्पिटल के पास कार और बाइक की मामूली टक्कर के बाद हुई इस घटना के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी राज निषाद को गिरफ्तार कर लिया है। राज निषाद शहर के पादरी बाजार क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोरखपुर के रामगढ़ताल क्षेत्र की 24 साल की लड़की नौ जुलाई की शाम बीमार पिता को इलाज के लिए ग्रैंड विटारा कार से रेलवे हॉस्पिटल लेकर जा रही थी। रेलवे हॉस्पिटल के पास उसकी कार की एक बाइक से टक्कर हो गई। लड़की का आरोप है कि बाइक सवार अपनी गलती मानने के बजाय उस पर ही माफी मांगने का दबाव बनाने लगा। इनकार करने पर उसने अपने साथियों को बुला लिया, जो काली स्कॉर्पियो से मौके पर पहुंचे। इसके बाद आरोपियों ने उसके बाल पकड़कर सड़क पर मारपीट की, लात-घूंसों से हमला किया, कपड़े फाड़ने की कोशिश की और गलत तरीके से छुआ। उसने बैड टच करने, दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने के साथ ही आरोपियों ने उसकी कार में तोड़फोड़ कर शीशा तोड़ दिया। इस दौरान कार में बैठे बीमार पिता बेबस होकर पूरी घटना देखते रहे, जबकि युवती राहगीरों से मदद की गुहार लगाती रही। कुछ लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास भी किया।
बीच सड़क गुंडागर्दी की इस घटना के बाद युवती लड़की तहरीर पर गोरखपुर के शाहपुर थाने में अज्ञात बाइक सवार और काली स्कॉर्पियो सवार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। शुरू में में हल्की धाराओं में केस दर्ज किया गया था, लेकिन घटना का वीडियो सामने आने और आरोपों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या के प्रयास, लज्जाभंग, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा मारपीट समेत अन्य गंभीर धाराएं बढ़ा दीं। लड़की का कहना है कि वह सभी आरोपियों को सामने आने पर पहचान सकती है। घटना के बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए थे, जिससे वह और उसका परिवार डरा हुआ है। वहीं इस संदर्भ में शाहपुर थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह ने बताया कि लड़की की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक दुर्गेश नंदिनी को सौंपी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपितों की पहचान की गई है। एक आरोपित को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। जबकि एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी राज निषाद को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। जल्द सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
