अंधेरे में…

अंधेरे में गाना होगा।
कुछ प्रकाश फैलाना होगा ।।
जीवन है तो किसी तरह से ।
गाना और बजाना होगा ।।
दाएं बाएं उत्तर दक्षिण।
खूब नजर दौड़ना होगा ।।
बाईं तरफ सही जीवन है।
उसको ही अपनाना होगा।।
सही आदमी की तलाश में ।
आगे बढ़ते जाना होगा।।
इस समाज में सच्चाई का।
झंडा भी फहराना होगा ।।
देश हमारा रहे सुरक्षित।
सबको यही बताना होगा ।।
टेढ़े-मेढ़े हर मौसम में।
नैतिकता को लाना होगा ।।
दर्द खींच ले जो दुनिया का ।
ऐसा मंत्र जगाना होगा।।
गांधी नेहरू को तुम छोड़ो ।
खुद इतिहास बनाना होगा ।।
आंधी आई है दुनिया में।
उसको दूर हटाना होगा ।।
संयम और शांति का झंडा।
भारत में फहराना होगा ।।
दुख दर्दों में शामिल होकर ।
सारा कष्ट मिटाना होगा।।
मानवता के मानदंड को।
दिल्ली तक ले जाना होगा ।।
हरियाली खेतों में फैले।
यह अभियान चलाना होगा ।।
हंसी खुशी के चेहरों को तो ।
देख-देख मुस्काना होगा।।
-अन्वेषी

अन्य समाचार