-झांसी पुलिस जालौन पुलिस से तीनों को दबोचा
मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
झांसी पुलिस की टीम ने जालौन पुलिस लाइन में तैनात तीन सिपाहियों को लूट के मामले में गिरफ्तार किया है। उनके विरुद्ध झांसी में सूरत के ड्राई फ्रूट कारोबारी के मुंशी से 24.90 लाख रुपये की लूट का मुकदमा दर्ज है। तीनों सिपाही पुलिस लाइन में ही ड्यूटी पर तैनात हैं। उन्होंने छुट्टी लेकर लूट की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद तीनों को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही विभागीय कार्रवाई के लिए भी संस्तुति कर दी गई है। तीनों सिपाही 2023 में पीएसी से जिले में आए थे और तभी से लाइन में तैनात हैं।
झांसी पुलिस के अनुसार, गुजरात के सूरत निवासी ड्राई फ्रूट कारोबारी जितेंद्र पटेल उप्र और मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में कारोबार करते हैं। झांसी के आसपास का काम उनके मुंशी किशन पांचाल देखते हैं। गुरुवार की शाम किशन पांचाल अपने सहयोगी किशन कुमार के साथ विभिन्न व्यापारियों से वसूली कर करीब 24.90 लाख रुपये लेकर स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में मिनर्वा चौराहे के पास सुरेश होटल के सामने काले रंग की क्रेटा कार में सवार पांच लोगों ने उनकी स्कूटी रोकी और दोनों को जबरन कार में बैठा लिया। लुटरों ने लगभग डेढ़ घंटे तक दोनों व्यापारियों शहर के विभिन्न मार्गों से घुमाने के बाद कानपुर बाईपास के पास लेकर पहुंचे। इसके बाद बैग में भरा 24.90 लाख रुपये छीनकर दोनों को बाहर उतार दिया और भाग गये।
घटना के बाद मुंशी किशन ने कारोबारी जितेंद्र पटेल को पूरा मामला बताया। उसने बताया कि उसके साथ तीन पुलिस कर्मियों समेत पांच लोगों ने लूट की घटना को अंजाम दिया है। इसके बाद सदर कोतवाली झांसी में लूट का मुकदमा अज्ञात में दर्ज कराया। पुलिसकर्मियों पर आरोप होने के कारण प्रथम दृष्टया मुकदमा अज्ञात के नाम से लिखा गया। सीओ सिटी झांसी रामवीर सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो क्रेटा कार के फुटेज मिले, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की। जांच के दौरान जालौन पुलिस लाइन में तैनात सिपाही मनोज, राघवेंद्र व नीरज के रूप में उनकी पहचान हुई। रविवार दोपहर झांसी पुलिस की टीम जालौन पुलिस लाइन पहुंची और तीनों सिपाहियों को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई है।
