मुख्यपृष्ठनए समाचारबिहार में नल जल योजना के तहत करवाई गयी खुदाई के बोरवेल...

बिहार में नल जल योजना के तहत करवाई गयी खुदाई के बोरवेल में गिरा दो वर्षीय बच्चा…रेस्क्यू जारी

अनिल मिश्र / पटना

बिहार प्रदेश के गया जिले के फतेहपुर प्रखंड अंतर्गत रघुनगर गांव में आज गुरुवार की देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव में नल-जल योजना के तहत कराए गए बोरिंग के खुले गड्ढे में खेलते-खेलते दो वर्षीय एक मासूम गिर गया। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मासूम अपने घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान वह खुले पड़े बोरिंग के गड्ढे के पास पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया। बच्चे की पहचान दिनेश मांझी के दो वर्षीय पुत्र पीयूष कुमार के रूप में हुई है। इस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर जुटे हुए हैं और प्रशासन के साथ राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग कर रहे हैं। वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि नल-जल योजना के तहत ठेकेदार द्वारा बोरिंग कराने के बाद गड्ढे को सुरक्षित ढंग से बंद नहीं किया गया था। उनका कहना है कि बोरिंग को केवल एक बोरे से ढक दिया गया था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, प्रशासन की निगरानी में बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास जारी है। पूरे गांव की निगाहें राहत एवं बचाव अभियान पर टिकी हुई हैं।

अन्य समाचार