-दूसरे देश से दे रहे अमेरिकी सैनिकों को मारने के आदेश
-इजरायली खुफिया सूत्र के दावे से सनसनी; तेहरान में सत्ता संघर्ष, सर्वोच्च नेता की लोकेशन बनी रहस्य
अमेरिका और ईरान के बीच दोबारा भड़की जंग के बीच ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई की रहस्यमय गैरमौजूदगी ने सनसनी पैâला दी है। इजरायल से जुड़े एक सुरक्षा सूत्र ने दावा किया है कि खामेनेई इस समय ईरान में नहीं हैं। इसके बावजूद ईरानी सेना अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले कर रही है तथा खामेनेई के नाम से लगातार धमकियां जारी हो रही हैं। इसी कारण सवाल उठ रहा है कि आखिर वह किस अज्ञात स्थान से युद्ध का संचालन कर रहे हैं।
यह दावा ऐसे समय सामने आया है, जब ईरानी हमले में जॉर्डन स्थित सैन्य ठिकाने पर दो अमेरिकी सैनिकों की मौत हुई और एक अन्य जवान लापता बताया गया। उत्तरी इराक में मार गिराए गए ईरानी ड्रोन को निष्क्रिय करते समय भी एक अमेरिकी सैनिक मारा गया। जवाब में अमेरिका ने ईरान के मिसाइल भंडार, वायु सुरक्षा प्रतिष्ठानों और तटीय निगरानी केंद्रों पर हमले तेज कर दिए हैं।
खामेनेई ने अमेरिका पर युद्धविराम समझौता तोड़ने का आरोप लगाते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हस्ताक्षर को ‘विश्वसनीयता से रहित’ बताया है। उन्होंने चेतावनी दी कि वॉशिंगटन को और भारी कीमत तथा अपमान झेलना पड़ेगा। लेकिन उनका कोई नया सार्वजनिक वीडियो सामने न आने से उनकी स्थिति और ठिकाने को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
रिपोर्टों के मुताबिक, खामेनेई की अनुपस्थिति में राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन, संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ और विदेश मंत्री अब्बास अराघची महत्वपूर्ण फैसले ले रहे हैं। कट्टरपंथी खेमे ने नेतृत्व पर अमेरिका से समझौता करने और ‘सॉफ्ट तख्तापलट’ की साजिश का आरोप भी लगाया है। इससे संकेत मिल रहे हैं कि सैन्य टकराव के साथ ईरान के भीतर सत्ता संघर्ष भी गहरा रहा है। हालांकि, खामेनेई के ईरान से बाहर होने की स्वतंत्र या आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए इजरायली सूत्र के दावे को प्रमाणित तथ्य के बजाय खुफिया दावा माना जा रहा है। मगर युद्ध के निर्णायक दौर में सर्वोच्च नेता का सार्वजनिक रूप से गायब रहना तेहरान के लिए गंभीर राजनीतिक और सुरक्षा संकट जरूर बन गया है।
