मुख्यपृष्ठस्तंभअमेरिका में वीजा नियमों में बड़ा बदलाव...भारतीय छात्रों का बढ़ेगा सर दर्द!

अमेरिका में वीजा नियमों में बड़ा बदलाव…भारतीय छात्रों का बढ़ेगा सर दर्द!

मान लीजिए, आप किसी नए शहर में किराए का मकान लेते हैं। मकान मालिक आपसे कहता है, ‘जब तक पढ़ाई पूरी नहीं होती, आराम से रहो।’ लेकिन अचानक एक दिन नया नियम आ जाता है कि ‘आप केवल ४ साल ही रह सकते हैं। अगर पढ़ाई और लंबी चली, तो हर बार ऑफिस जाकर कतार में खड़े होना होगा और इजाजत बढ़वानी होगी।’
अमेरिका में पढ़ रहे ३ लाख से ज्यादा भारतीय छात्रों के साथ बिल्कुल ऐसा ही हो रहा है।
नए नियम से क्या बदलेगा?
४ साल की सीमा: अब छात्रों को अमेरिका में रहने की छूट अधिकतम ४ साल के लिए ही मिलेगी।
फिर से अर्जी देनी होगी: अगर आपकी पढ़ाई ४ साल में पूरी नहीं होती, तो आपको अमेरिकी सरकार (USCIS) के पास जाकर रुकने का समय बढ़ाने के लिए अलग से अर्जी (एक्सटेंशन) देनी होगी।
कम समय: पढ़ाई खत्म होने के बाद देश छोड़ने या वीजा बदलवाने के लिए जो ६० दिनों का समय (ग्रेस पीरियड) मिलता था, उसे घटाकर सिर्फ ३० दिन कर दिया गया है।
काम करने की छूट (OPT) पर असर: हालांकि, पढ़ाई के बाद मिलने वाली १ या ३ साल की नौकरी की छूट (OPT/ STEM OPT) बंद नहीं हुई है। लेकिन अब छात्रों को यह ध्यान रखना होगा कि नौकरी के दौरान भी उनका ई-१ वीजा कागजों में हमेशा सही और वैध रहे।
अमेरिकी सरकार का कहना है कि वे सुरक्षा बढ़ाने और वीजा के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए यह कदम उठा रहे हैं। हालांकि, भारतीय छात्रों के लिए अब पढ़ाई के साथ-साथ कागजी कार्रवाई का सिरदर्द काफी बढ़ने वाला है।
मामला क्या है?
अमेरिका के होमलैंड सुरक्षा विभाग (DHS) ने वीजा के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। पहले ई-१ वीजा पर जाने वाले छात्र जब तक अपनी पढ़ाई पूरी करते थे, उन्हें बिना किसी झंझट के रहने की आजादी मिलती थी (जिसे D/S कहा जाता था)। लेकिन अब इस पुरानी व्यवस्था को खत्म कर दिया गया है।

अन्य समाचार