मुख्यपृष्ठसमाचार‘वाटर मर्डर प्लान' से प्रेमी की हत्या!

‘वाटर मर्डर प्लान’ से प्रेमी की हत्या!

-बाथरूम में खुले नल के नीचे बोरे में छिपाया शव
-पानी से सबूत मिटाने की साजिश
-वॉइस मैसेज ने खोला सनसनीखेज राज

सामना संवाददाता / मुंबई

कल्याण-पश्चिम की नीलकंठ सोसायटी में सामने आए एक सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया है। प्रेम संबंधों के विवाद में एक युवती पर अपने ही प्रेमी की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाने का आरोप है। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने हत्या के बाद शव को बोरे में भरकर बाथरूम में खुले नल के नीचे रख दिया, ताकि लगातार गिरता पानी शव को जल्दी सड़ा दे और खून समेत सभी अहम फोरेंसिक साक्ष्य नष्ट हो जाएं।
घटना का खुलासा तब हुआ, जब फ्लैट से पिछले कई दिनों से तेज दुर्गंध आने लगी। परेशान पड़ोसियों ने मानपाड़ा पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने फ्लैट का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो बाथरूम में रखा एक बड़ा बोरा मिला। बोरा खोलते ही भीतर से एक युवक का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक के सिर पर धारदार हथियार से कई वार कर उसकी हत्या की गई थी। जांच में मृतक की पहचान उसके प्रेमी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी युवती बिना किसी को भनक लगे कोलकाता फरार हो गई। लेकिन जाते-जाते उसने मकान मालिक को एक वॉइस मैसेज भेज दिया, जिसमें लिखा था कि ‘बाथरूम का नल चालू है और वहां एक लाश रखी है।’ इसी संदेश ने पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया।

अन्य समाचार