मुख्यपृष्ठअपराधशादी के 13 महीने बाद  विवाहिता की संदिग्ध मौत...मायके का आरोप-'दहेज के...

शादी के 13 महीने बाद  विवाहिता की संदिग्ध मौत…मायके का आरोप-‘दहेज के लिए मार डाला’

राजेश सरकार / प्रयागराज

यमुनापार के करछना थाना अंतर्गत भरहा (मोगलहा) गांव में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 22 वर्षीय विवाहिता का शव उसके ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष में कोहराम मच गया। मृतका के पिता ने ससुराल वालों पर अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित करने और गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है।
13 महीने पहले बड़े अरमानों से हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, घूरपुर थाना क्षेत्र के गड़रिन तारा (देवरिया) गांव के रहने वाले भूपेंद्र सिंह ने अपनी बेटी चांदनी (22 वर्ष) की शादी बड़े ही अरमानों के साथ करीब 13 महीने पहले करछना के भरहा गांव निवासी विजय लाल पटेल के साथ की थी। परिजनों का कहना है कि उन्होंने अपनी हैसियत के मुताबिक दान-दहेज भी दिया था, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही खुशियों को ग्रहण लग गया।
– फोन पर बयां किया था दर्द: ‘पापा, ये लोग मुझे छोड़ेंगे नहीं’ मृतका के पिता भूपेंद्र सिंह ने रोते हुए बताया कि शादी के कुछ महीनों बाद से ही पति और ससुराल के अन्य सदस्य अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर चांदनी को प्रताड़ित करने लगे थे। चांदनी ने कई बार फोन पर रोते हुए अपने पिता और भाइयों को बताया था कि उसके साथ मारपीट की जाती है और उसकी जान को खतरा है। रविवार रात को भी दोनों पक्षों में कुछ विवाद हुआ था, जिसके बाद संदिग्ध हालात में चांदनी की मौत हो गई।
मौत छिपाने का प्रयास, सुबह दी सूचना
मायके पक्ष का आरोप है कि चांदनी की हत्या रविवार की रात को ही कर दी गई थी। ससुराल वालों ने पकड़े जाने के डर से पूरी रात इस बात को छिपाए रखा। जब सुबह स्थिति पूरी तरह बिगड़ गई, तब जाकर सोमवार को मायके वालों को बेहद मामूली तरीके से सूचना दी गई कि चांदनी की तबीयत खराब है। जब तक मायके वाले भरहा गांव पहुंचे, तब तक चांदनी दम तोड़ चुकी थी और ससुराल पक्ष के कुछ लोग मौके से फरार थे।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना पर करछना थाना प्रभारी रणविजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरा। थाना प्रभारी करछना ने बताया “मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पति विजय लाल पटेल, सास, ससुर और जेठ के खिलाफ दहेज हत्या और प्रताड़ना की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश और मामले की जांच में जुटी हैं, दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस घटना के बाद से दोनों गांवों में मातम का माहौल है और मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

अन्य समाचार