मुख्यपृष्ठनए समाचारराम मंदिर-पेपर लीक पर जवाब दो!..कांग्रेस अध्यक्ष ने मोदी सरकार को घेरा

राम मंदिर-पेपर लीक पर जवाब दो!..कांग्रेस अध्यक्ष ने मोदी सरकार को घेरा

सामना संवाददाता / नई दिल्ली

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सत्र के पहले दिन मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए साफ कर दिया है कि विपक्ष सदन में जनता की आवाज बनकर सरकार से हर मोर्चे पर जवाबदेही मांगेगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष हर मुद्दे पर सरकार से जवाबदेही तय कराएगा। इसके साथ ही मल्लिकार्जुन खड़गे ने श्रीराम मंदिर निर्माण में चंदा चोरी और आस्था से धोखे का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण के लिए करोड़ों श्रद्धालुओं ने अपनी कमाई अर्पित की थी। श्रद्धालुओं को न्याय मिलना चाहिए। खड़गे ने इस मामले की तत्काल स्वतंत्र जांच कराने और पूरा हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की है। कांग्रेस अध्यक्ष ने पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था के पतन का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि साल २०१४ से अब तक देश में १५२ पेपर लीक हो चुके हैं। इन घटनाओं के कारण २५ बच्चों ने अपनी जान गंवाई है। खड़गे ने इस विफलता के लिए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत बर्खास्त करने की मांग की। खड़गे ने ३.५ करोड़ वाहन मालिकों पर जबरन थोपे गए एथेनॉल मिश्रण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार इसे एक ‘प्रयोग’ बता रही है। उन्होंने सवाल किया कि क्या जनता की कमाई की लूट ही भाजपा का एकमात्र औजार है। खड़गे ने सदन में कहा कि पेपर लीक के खिलाफ, बच्चे जंतर-मंतर पर बैठे हैं, लेकिन उनके ऊपर लाठीचार्ज करवाया जा रहा है। मोदी सरकार हमारे युवा की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि हमने अयोध्या में दान की चोरी का मुद्दा भी उठाया है। मोदी साहब को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए क्योंकि ट्रस्ट उन्होंने ही बनाया था।

अन्य समाचार