-सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संडा समर्थकों संग गिरफ्तार
-कश्मीर से लौटी सपा नेत्री समेत कई हाउस अरेस्ट, कांग्रेसी भी पुलिस निगरानी में
विक्रम सिंह / सुल्तानपुर
दिल्ली प्रोटेस्ट को लेकर यूपी के अवध क्षेत्र में गुरुवार को राजनीतिक हलचल काफी तेज हो गई। सुल्तानपुर और अमेठी में सपा व कांग्रेस के नेताओं पर यूपी पुलिस का शिकंजा कसता नजर आया।
सुबह-सुबह अपने आवास के सामने सड़क किनारे धरने पर बैठे सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता व सुल्तानपुर शहर के पूर्व विधायक अनूप संडा को जिला पंचायत सदस्य ज्ञान प्रकाश यादव व समर्थकों समेत पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
बताया जाता है कि सपा प्रवक्ता ने बुधवार शाम अगले दिन से शहर के तिकोनिया पार्क में अनिश्चितकालीन धरने का एलान किया था, लेकिन प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी। पहले उन्हें हाउस अरेस्ट किया गया और बाद में घर के सामने धरने पर बैठने के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।
इसके अलावा सपा के जिला उपाध्यक्ष परमात्मा यादव के घर पर पिछले 48 घंटे से पुलिस के जवान निगरानी में तैनात हैं। हालांकि, वह घर पर मौजूद नहीं हैं।
शाम को सुल्तानपुर कलेक्ट्रेट के सामने सपा यूथ ब्रिगेड के वैभव पांडेय समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन करने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने विफल कर दिया। हालांकि, कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
वहीं, अमेठी में जम्मू-कश्मीर के दौरे से लौटीं सपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष गुंजन सिंह के आवास को सुबह होते ही बड़ी संख्या में पहुंचे पुलिस जवानों ने घेर लिया। उन्हें हाउस अरेस्ट कर घर से बाहर निकलने पर रोक लगा दी गई।
सपा नेत्री गुंजन सिंह ने बयान जारी कर कहा कि वे जंतर-मंतर पर हो रहे प्रदर्शन का पुरजोर समर्थन करती हैं। जब तक सरकार छात्रों की मांगें पूरी नहीं करेगी, तब तक वे पूरी सहानुभूति के साथ छात्रों के आंदोलन का समर्थन करती रहेंगी।
