मुख्यपृष्ठसमाचारबिहार में महिलाओं के लिए बनेगा पहला राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान, 19...

बिहार में महिलाओं के लिए बनेगा पहला राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान, 19 ट्रेड में मिलेगी ट्रेनिंग

अनिल मिश्र / पटना

बिहार की राजधानी पटना जिले के बिहटा प्रखंड के सिकंदरपुर स्थित औद्योगिक क्षेत्र में महिलाओं के लिए बनने वाले राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (महिला) के स्थायी परिसर का गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शिलान्यास किया गया।
इस कार्यक्रम में केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री जयंत चौधरी और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वर्चुअली शामिल हुए।
बताते चलें कि बिहार के बिहटा (पटना) के सिकंदरपुर में राज्य का पहला राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (एनएसटीआई- महिला) बनाया जा रहा है। लगभग 99.97 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस अत्याधुनिक केंद्र में 19 रोजगारोन्मुखी ट्रेडों (13 मुख्य एवं अन्य संबद्ध ट्रेडों) में महिलाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा।
यह संस्थान एक साथ लगभग 500 महिला प्रशिक्षुओं को आधुनिक तकनीकी एवं कौशल प्रशिक्षण प्रदान करेगा। इसका मुख्य उद्देश्य युवतियों को उद्योगों की मांग के अनुरूप आत्मनिर्भर बनाना है।
इस परियोजना के मुख्य बिंदु इस प्रकार हैं— 19 रोजगारोन्मुखी ट्रेडों में तकनीकी प्रशिक्षण, आधुनिक कार्यशालाएं तथा महिलाओं को वैश्विक मानकों के अनुरूप तैयार करना। बिहटा के सिकंदरपुर में करीब 99.97 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस संस्थान में 13 रोजगारोन्मुखी ट्रेडों में 435 प्रशिक्षुओं को आधुनिक कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा।
केंद्र के माध्यम से कौशल विकास को गति देने के लिए राज्य सरकार और केंद्र सरकार के बीच ‘स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर’ की स्थापना के लिए भी समझौता हुआ है। इससे न सिर्फ स्थानीय स्तर पर, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।

अन्य समाचार