मुख्यपृष्ठनए समाचारएक-एक पुलिस वाला जेल जाएगा!

एक-एक पुलिस वाला जेल जाएगा!

पुलिसिया बर्बरता के खिलाफ एक विशेष वेबसाइट लॉन्च करेगी सीजेपी

सामना संवाददाता / मुंबई

छात्र प्रदर्शनों के दौरान पुलिसिया कार्रवाई और हिंसा पर लगाम कसने के उद्देश्य से ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) ने एक बड़ा कानूनी और तकनीकी कदम उठाया है। पार्टी के प्रतिनिधि सौरव दास ने पुलिस बर्बरता के खिलाफ एक विशेष वेबसाइट लॉन्च करने की घोषणा की है, जिसका मुख्य उद्देश्य हिंसा में शामिल अधिकारियों की जवाबदेही तय करना है।
सबूत जुटाने का डिजिटल मंच: सौरव दास ने आम जनता और प्रदर्शनकारियों से अपील की है कि वे प्रदर्शनों के दौरान पुलिस द्वारा की गई मारपीट, हमले या चोट पहुंचाने से जुड़े फोटो और वीडियो इस नई वेबसाइट पर अपलोड करें।
सीजेपी की एक विशेष टीम प्राप्त सभी फोटो और वीडियो का गहन विश्लेषण करेगी, ताकि हिंसा में लिप्त एक-एक पुलिसकर्मी की सटीक पहचान की जा सके।
एफआईआर और कानूनी कार्रवाई
पहचान के बाद दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। दास ने स्पष्ट किया कि यदि दिल्ली पुलिस अपनी ओर से कार्रवाई करने में आनाकानी करती है, तो पार्टी सीधे अदालत का रुख करेगी।
वकीलों का साथ और सख्त रुख
इस पूरी मुहिम को कानूनी रूप से मजबूत बनाने के लिए देशभर के वकील सीजेपी के साथ आ चुके हैं। ये वकील अदालत के जरिए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का आदेश प्राप्त करने में मदद करेंगे।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के बजाय गुंडों की तरह व्यवहार करने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। हिंसा में लिप्त अधिकारियों की एक सूची तैयार कर उन्हें जेल तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।
– सौरव दास, सीजेपी

अन्य समाचार