सामना संवाददाता / मुंबई
उत्तरांचल महासंघ की वार्षिक पत्रिका का विमोचन गरिमामय वातावरण में मुंबई में संपन्न हुआ। कार्यक्रममें के मुख्य अतिथि के रूप में महेंद्र सिंह गोसाई, अध्यक्ष, मुंबई उत्तराखंड सेल (भाजपा) उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तरांचल महासंघ की अध्यक्ष आनंदी गैरोला द्वारा सभी अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। अपने संबोधन में गैरोला ने संस्था द्वारा मुंबई एवं उत्तराखंड में किए जा रहे विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों पर प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने वार्षिक पत्रिका 2025–26 की विषय-वस्तु एवं उद्देश्य की विस्तृत जानकारी भी उपस्थित जनों को दी।
मुख्य अतिथि महेंद्र सिंह गोसाई ने अपने उद्बोधन में उत्तरांचल महासंघ की स्थापना के उद्देश्य, उसके संघर्षपूर्ण प्रारंभिक दौर तथा समाजहित में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने महासंघ की सामाजिक एकता, सांस्कृतिक संरक्षण और नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने के प्रयासों की सराहना की। उन्होने बताया कि इससे पूर्व जनरल विपिन रावत के जीवन पर आधारित स्मारिका प्रकाशित की, जिसे उत्तराखंड राज्य के मुख्यमंत्री धामी और राज्यपाल ने काफी प्रशंसा की।
इस अवसर पर उत्तराखंड समाज के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता, महासंघ के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन कुसुमलता गोसाई ने अपने सहज और आकर्षक अंदाज़ में किया, जिसकी सभी लोगों ने सराहना की।
कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए हुआ।
