राजेश सरकार / प्रयागराज
कुत्तों को दुनिया का सबसे वफादार जानवर माना जाता है। मालिक की रक्षा के लिए अपनी जान दांव पर लगाने वाले इन बेजुबानों के साथ अब ‘मजे’ के नाम पर भद्दा मजाक किया जा रहा है। ऐसा ही कुछ सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने इंटरनेट की दुनिया में भूचाल ला दिया है। वीडियो को देखकर हर संवेदनशील इंसान का खून खौल उठा है। मजे के नाम पर बेदर्दी का खेल वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे इंसानियत भूल चुके एक शख्स ने कुत्ते के शरीर पर एक लंबी छड़ी बांध दी। उस छड़ी के दूसरे छोर पर एक रोटी लटकाई गई, जो ठीक कुत्ते के मुंह के सामने थी। भूखा बेजुबान रोटी पाने के लिए तड़पता रहा, अपने पैर बढ़ाता रहा, लेकिन रोटी उसकी पहुंच से दूर ही रही। कुछ संवेदनहीन लोगों के लिए यह तमाशा मनोरंजन हो सकता है, लेकिन इस क्रूरता ने सोशल मीडिया यूजर्स को बुरी तरह नाराज कर दिया है। इंटरनेट पर एक तीखी बहस छिड़ गई है कि क्या महज कुछ व्यूज और लाइक्स के लिए किसी बेगुनाह जानवर को इस तरह प्रताड़ित करना जायज है? यूजर्स इस हरकत को सीधे तौर पर पशु क्रूरता बता रहे हैं और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
