मुख्यपृष्ठसमाचारजेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते से रांची सीआईडी कार्यालय में आज...

जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते से रांची सीआईडी कार्यालय में आज फिर पूछताछ

अनिल मिश्र / रांची

झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मामले में पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते से शुक्रवार को एक बार फिर सीआईडी कार्यालय में पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के लिए वह लगातार तीसरे दिन सीआईडी कार्यालय पहुंचे हैं।
बताया जाता है कि इससे पहले मंगलवार को सीआईडी ने एल. खियांग्ते से करीब आठ घंटे तक परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर पूछताछ की थी। इस दौरान उनका पासपोर्ट भी जब्त कर लिया गया था।
पूछताछ के दौरान एसआईटी ने उनसे ब्लैकलिस्टेड कंपनी के चयन में उनकी भूमिका, टीडीपीएल के मार्केटिंग मैनेजर तथा वर्तमान में खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी के पद पर कार्यरत अभय तिवारी से उनके संबंध और उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता के तबादले के बाद भी जेपीएससी में बने रहने जैसे मुद्दों पर सवाल किए। बताया जा रहा है कि एल. खियांग्ते ने अधिकांश सवालों के गोलमोल जवाब देते हुए कहा कि सभी कार्य नियमानुसार हुए हैं।
गौरतलब है कि एल. खियांग्ते ने 21 जुलाई को जेपीएससी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से यह पद रिक्त है। अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं होने के कारण आयोग फिलहाल कोई परीक्षा आयोजित करने या परिणाम जारी करने की स्थिति में नहीं है। हालांकि, संभावना जताई जा रही है कि 6 अगस्त से पहले नए अध्यक्ष की नियुक्ति हो सकती है या किसी आईएएस अधिकारी को आयोग का प्रभार सौंपा जा सकता है। इस संबंध में झारखंड सरकार स्तर पर मंथन चल रहा है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले सीआईडी ने एल. खियांग्ते के रांची के कांके रोड स्थित सरकारी आवास तथा जेपीएससी कार्यालय में छापेमारी कर कई दस्तावेज जब्त किए थे। इसके अलावा टीडीपीएल के कार्यालय से भी परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए थे।
मामले में अब तक उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता समेत 10 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि पांच आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी है। लगातार हो रही इस कार्रवाई से परीक्षा प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
इधर, झारखंड लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में गड़बड़ी की जांच कर रही सीआईडी की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) में सफल अभ्यर्थियों से उनकी ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी मांगी है। इसके लिए व्हाट्सएप नंबर और ईमेल आईडी भी जारी की गई है।
सीआईडी ने सफल अभ्यर्थियों से पेपर-1 और पेपर-2 की ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी का पीडीएफ या फोटो व्हाट्सएप नंबर 9934309058 अथवा ईमेल आईडी Complainjpsc.cid@jhpolice.gov.in पर एसआईटी को भेजने की अपील की है।

अन्य समाचार