मुख्यपृष्ठसमाचारबाबा गरीबनाथ का आशीर्वाद लेकर पहलेजा घाट के लिए रवाना हुए कांवरिये

बाबा गरीबनाथ का आशीर्वाद लेकर पहलेजा घाट के लिए रवाना हुए कांवरिये

अनिल मिश्र / पटना

सावन माह की पहली सोमवारी यानी तीन अगस्त को बाबा गरीबनाथ पर जलाभिषेक करने के लिए कांवरिया भक्तों के जत्थे शुक्रवार को बाबा गरीबनाथ का आशीर्वाद लेकर पहलेजा घाट के लिए रवाना हो गए। सुबह आठ बजे से ही बाबा गरीबनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने बाबा का दर्शन-पूजन किया और ‘बाबा गरीबनाथ की जय’ के जयघोष के साथ गंगा जल लेने के लिए पहलेजा घाट की ओर प्रस्थान किया।
सावन की पहली सोमवारी से पहले मुजफ्फरपुर स्थित बाबा गरीबनाथ धाम से हजारों कांवरिये पहलेजा घाट के लिए रवाना हुए। इस बार पहली सोमवारी पर करीब डेढ़ लाख श्रद्धालुओं के जलाभिषेक करने की संभावना है। मंदिर प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन के लिए अर्घा, एलईडी स्क्रीन सहित सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
आपको बता दें कि गरीबनाथ मंदिर बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में स्थित एक प्रमुख हिंदू तीर्थस्थल है। यह भगवान शिव को समर्पित प्राचीन मंदिरों में से एक है और इसे “बिहार का देवघर” भी कहा जाता है। यहां मुजफ्फरपुर सहित पूरे उत्तर बिहार से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना और सुख-समृद्धि की कामना लेकर पहुंचते हैं।
मान्यता है कि सावन माह में भगवान शिव की पूजा-अर्चना का विशेष महत्व होता है और इस दौरान सच्ची श्रद्धा से की गई आराधना से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

अन्य समाचार