अनिल मिश्र / रांची
झारखंड के लोहरदगा जिले के बरवाटोली में शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों अपने रिश्तेदार के घर सेरेंगहातु जा रहे थे। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने बाद में ट्रक को बीएस कॉलेज स्थित पुलिस पिकेट के पास से जब्त कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोहरदगा सदर थाना क्षेत्र के कुरसे गांव निवासी इम्तियाज अंसारी के 24 वर्षीय पुत्र वारिश अंसारी अपनी 21 वर्षीय पत्नी सानिया खातून के साथ स्कूटी से सेरेंगहातु गांव स्थित अपने साढ़ू अली अंसारी के घर जा रहे थे। इसी दौरान बरवाटोली में साहू साइकिल दुकान के समीप एक ट्रक ने उनकी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। बाद में पुलिस ने ट्रक को लोहरदगा-भंडरा रोड स्थित बीएस कॉलेज पुलिस पिकेट के पास से जब्त कर लिया। चालक वाहन छोड़कर फरार हो चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, वारिश अंसारी और सानिया खातून की शादी एक वर्ष पहले ही हुई थी। बताया जा रहा है कि सानिया गर्भवती भी थीं।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, कुरसे गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है। सड़क हादसे में युवा दंपती की मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच के साथ ट्रक चालक के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
