-मारपीट और एयर कंप्रेसर से यातना देने का आरोप
राजेश सरकार / प्रयागराज
यूपी के प्रयागराज में यमुनानगर जोन औद्योगिक थाना क्षेत्र स्थित एक राइस मिल में काम करने वाले 16 वर्षीय किशोर की कथित यातना के बाद मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि मिल में काम करने वाले चार कर्मचारियों ने पहले किशोर के साथ मारपीट की और फिर एयर कंप्रेसर की नली से उसके शरीर में हवा भर दी, जिससे उसकी आंत गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। मृतक की पहचान मेजा थाना क्षेत्र के हरगढ़ कोहड़ार निवासी अंश गौतम (16) के रूप में हुई है। वह औद्योगिक क्षेत्र स्थित एफटी राइस मिल में हेल्पर के तौर पर कार्यरत था और अपने बड़े भाई अंशू के साथ रहता था। पुलिस के अनुसार, बुधवार रात अंश ड्यूटी पर था। गुरुवार सुबह करीब 5 बजे मिल के दो कर्मचारी उसके बड़े भाई अंशू के पास पहुंचे और बताया कि अंश की तबीयत खराब है। जब अंशू मिल पहुंचा तो उसने अंश को जमीन पर गंभीर हालत में पड़ा देखा। परिजनों का कहना है कि उसका पेट फूला हुआ था और पास में एयर कंप्रेसर की पाइप पड़ी थी। परिजनों का आरोप है कि किसी बात को लेकर चार कर्मचारियों ने पहले अंश की पिटाई की और फिर उसके साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए एयर कंप्रेसर की नली का इस्तेमाल किया। गंभीर हालत में अंश को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां गुरुवार शाम करीब 7 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर एसीपी करछना सुनील कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
-एसीपी और एसओ ने कहा
इस बेहद संवेदनशील घटना में एसीपी करछना सुनील कुमार सिंह और एसओ कमलेश कुमार पटेल का कहना है कि घटना खेल-खेल में हुई है। गुरुवार भोर में राइस मिल में 16 वर्षीय हेल्पर और एक अन्य कर्मचारी आपस में हंसी-ठिठौली कर रहे थे। वीडियो फुटेज के माध्यम से पूरी घटना की वास्तविकता का पता लगाया जा रहा है। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और उसके आधार पर लगाई जाने वाली धाराओं का निर्धारण किया जाएगा।
