मुख्यपृष्ठसमाचारइनरव्हील की नई कार्यकारिणी गठित, नए पदाधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी

इनरव्हील की नई कार्यकारिणी गठित, नए पदाधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी

सामना संवाददाता / सुल्तानपुर

महिलाओं के सामाजिक संगठन इनरव्हील क्लब ने सुल्तानपुर में अपनी नई कार्यकारिणी का गठन कर लिया है। गुरुवार को संगठन के नए पदाधिकारियों ने समारोहपूर्वक अपने दायित्व संभाल लिए।
शहर के एक होटल में आयोजित समारोह के दौरान समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य जागरूकता को केंद्र में रखते हुए आगामी वर्ष की कार्ययोजना प्रस्तुत की गई।
दीप्ति मेहरोत्रा ने अध्यक्ष, नूपुर राजवर्धन ने सचिव, बबीता केसरवानी ने कोषाध्यक्ष और दीपिका टंडन ने आईएसओ (इंटरनेशनल सर्विस ऑर्गेनाइजर) का दायित्व ग्रहण किया। उपस्थित सदस्यों ने नवगठित कार्यकारिणी का स्वागत करते हुए उन्हें सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. रेखा सिंह ने महिलाओं के स्वास्थ्य, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित जीवनशैली और जागरूकता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज की आधारशिला होती है।
नवनियुक्त अध्यक्ष दीप्ति मेहरोत्रा ने अपने संबोधन में क्लब की आगामी सामाजिक गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि इनरव्हील क्लब समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों, महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और सेवा कार्यों को प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
समारोह में क्लब की वरिष्ठ सदस्यों एवं पूर्व पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर रंजना शंकर, सुनीता अग्रवाल, मनीषा गुप्ता, अलका गुप्ता, नीलिमा सेठ, पूर्व अध्यक्ष इंदु शर्मा, तेजिंदर कौर, साधना सिंह, ज्योति सिंह, किरण गुप्ता, दलजीत कौर, अनीता कानोडिया सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। अंत में सभी सदस्यों ने नई कार्यकारिणी के नेतृत्व में सेवा, मित्रता और सामाजिक सरोकारों के कार्यों को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

अन्य समाचार