मुख्यपृष्ठनए समाचारओवरटेक के चक्कर में काल बनी मिनी बस

ओवरटेक के चक्कर में काल बनी मिनी बस

-उग्र भीड़ ने चालक को सड़क पर ही सिखाया सबक, पत्रकारों की सूझबूझ से बची जान।

राजेश सरकार / प्रयागराज

रफ्तार की सनक और आगे निकलने की अंधी होड़ ने शुक्रवार की रात प्रयागराज के नैनी इलाके को दहला दिया। सरकार की ‘मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना’ की एक मिनी बस पैसेंजरों को मंजिल तक पहुंचाने के बजाय खुद ‘काल’ बनकर सड़क पर उतरी। सरगम चौराहे पर शुक्रवार रात करीब पौने दस बजे इस अनियंत्रित मिनी बस ने ऐसा कोहराम मचाया कि दो बेकसूर लोग मौत के मुंह में जाते-जाते बचे। हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते पूरा मिर्जापुर मार्ग छावनी में तब्दील हो गया।
आगे निकलने की सनक, लहूलुहान हुई सड़क
चश्मदीदों के मुताबिक, मिनी बस का चालक शिवकुमार सड़क पर गाड़ी नहीं, बल्कि यमराज का वाहन दौड़ा रहा था। सरगम चौराहे के पास सामने वाले वाहन को ओवरटेक करने के चक्कर में उसने बस पर से नियंत्रण खो दिया। रफ्तार इतनी तेज थी कि बस सीधे सड़क किनारे मौजूद खान-पान वाले ठेलियों को रौंदती चली गई। इस दौरान स्थानीय दुकानदार रवि केसरवानी (पुत्र श्याम बाबू केसरवानी) और साइकिल सवार कृपा प्रजापति (पुत्र राम बहादुर प्रजापति) बस की चपेट में आकर लहूलुहान हो गए। दोनों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
जनता का फूटा गुस्सा, ‘सामना’ पत्रकारों की सूझबूझ से टला बड़ा कांड
हादसे को देखते ही स्थानीय जनता का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उग्र भीड़ ने आरोपी ड्राइवर शिवकुमार को घेर लिया और सड़क पर ही उसका ‘हिसाब-किताब’ करना शुरू कर दिया। अगर मौके पर मौजूद जागरूक पत्रकार अपनी सूझबूझ न दिखाते, तो शायद भीड़ चालक को जिंदा नहीं छोड़ती। पत्रकारों ने तुरंत मामले की गंभीरता को समझा और ‘यूपी 112’ को फोन घुमाया। पत्रकारों की इस त्वरित सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में भारी पुलिस फोर्स को सरगम चौराहे की तरफ रवाना किया गया।
घंटों लगा रहा जाम, घायलों के लिए फरिश्ते बने लोग
इस भीषण एक्सीडेंट के बाद प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर मानो पहिए थम गए। सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। मौके पर पहुंची भारी पुलिस फोर्स ने सबसे पहले उग्र भीड़ के चंगुल से ड्राइवर को छुड़ाया। इसके बाद स्थानीय भाजपा नेता शिवदानी सिंह और आम जनता की मदद से तड़प रहे घायलों को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर उनकी जान बचाने की जंग लड़ रहे हैं। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त मिनी बस को रास्ते से हटवाया और कड़ी मशक्कत के बाद यातायात बहाल कराया। पुलिस ने हत्यारी मिनी बस और उसके सनकी चालक को हिरासत में ले लिया है, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि सरकारी योजनाओं के नाम पर सड़कों पर दौड़ने वाले इन ‘टाइम बमों’ पर लगाम कब लगेगी?

अन्य समाचार