उमेश गुप्ता / वाराणसी
श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर बाबा श्री काशी विश्वनाथ धाम में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है। रविवार को पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने मैदागिन चौराहे से लेकर श्री काशी विश्वनाथ धाम तक सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और इसके बाद मीडिया से बातचीत कर तैयारियों की जानकारी दी।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि प्रथम सोमवार के मद्देनजर रविवार से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए वाराणसी पहुंचने लगे हैं। उन्होंने कहा कि केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों से भी श्रद्धालु काशी आ रहे हैं। प्रयागराज से गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़ियों के लिए निर्धारित यात्रा मार्ग पर भी विशेष सुरक्षा और सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरे मार्ग पर समर्पित सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। जगह-जगह पीआरवी वाहन, क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी), अस्थायी पुलिस चौकियां, विश्राम स्थल, कंट्रोल रूम तथा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी पूरे क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है।पुलिस कमिश्नर ने बताया कि श्री काशी विश्वनाथ धाम के आसपास व्यापक बैरिकेडिंग की गई है, ताकि श्रद्धालु कतारबद्ध और अनुशासित तरीके से दर्शन कर सकें। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों की नियमित ब्रीफिंग की जा रही है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि श्रद्धालुओं के साथ मित्रवत और सम्मानजनक व्यवहार करें तथा किसी भी प्रकार की असुविधा या अभद्रता की शिकायत नहीं होनी चाहिए।मोहित अग्रवाल ने बताया कि स्थानीय निवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर के मुख्य प्रवेश मार्ग के निकट स्थित नंदू फड़िया मार्ग (गेट नंबर-4) से प्रवेश की व्यवस्था की गई है। पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया है कि स्थानीय लोगों के पहचान पत्र की जांच के बाद उन्हें निर्धारित मार्ग से प्रवेश की अनुमति दी जाए।उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर सुखद अनुभव के साथ अपने घर लौटे। दूसरी ओर गंगा के बढ़ते जल स्तर को देखते हुए एसीपी दशाश्वमेध ने नाविक बंधुओं के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक हिदायत दिया।
