शीतल अवस्थी
धर्म शास्त्रों के अनुसार, सावन में भगवान भोले शंकर की पूजा-आराधना करने से हर मनोकामना पूरी होती है। चूंकि तंत्र के देवता भी शिव ही हैं। सो, इस माह में तंत्र उपायों का फल अति शीघ्र प्राप्त होता है। सावन में सरलता से किए गए छोटे-छोटे उपाय बड़ा फायदा देने वाले होते हैं। आमदनी बढ़ाने के लिए सावन के महीन में किसी भी दिन घर में पारद शिवलिंग की स्थापना करें और उसका यथा विधि पूजन करें। इसके बाद नीचे लिखे मंत्र का १०८ बार जप करें-
ऐं ह्रीं श्रीं ॐ नम: शिवाय: श्रीं ह्रीं ऐं
प्रत्येक मंत्र के साथ बिल्वपत्र पारद शिवलिंग पर चढ़ाएं। बिल्वपत्र के तीनों दलों पर लाल चंदन से क्रमश: ऐं, ह्री, श्रीं लिखें। अंतिम १०८ वां बिल्वपत्र को शिवलिंग पर चढ़ाने के बाद निकाल लें तथा उसे अपने पूजन स्थान पर रखकर प्रतिदिन उसकी पूजा करें। माना जाता है ऐसा करने से व्यक्ति की आमदानी में इजाफा होता है।
रोगमुक्ति के लिए सावन में किसी भी दिन भगवान शिव के मंदिर में जाकर शिवलिंग का दूध एवं काले तिल से अभिषेक करें। अभिषेक के लिए तांबे के बर्तन को छोड़कर किसी अन्य धातु के बर्तन का ही उपयोग करें। अभिषेक करते समय ॐ जूं स: मंत्र का जाप करते रहें। इसके बाद भगवान शिव से रोग निवारण के लिए प्रार्थना करें। भगवान शिव की कृपा से आप शीघ्र ही आप रोग मुक्त हो जाएंगे।
सुगंधित तेल से भगवान शिव का अभिषेक करने पर घर की सुख-समृद्धि में वृद्धि होती है। तेज दिमाग के लिए शक्कर मिले हुए दूध से शिवलिंग का अभिषेक करें।
प्रतिदिन २१ बिल्वपत्रों पर चंदन से ॐ नम: शिवाय लिखकर शिवलिंग पर चढ़ाएं साथ ही एकमुखी रुद्राक्ष भी अर्पण करें। इससे आपकी सभी मनोकामनाएं पूरी हो जाएंगी।
अगर आपके घर में किसी भी प्रकार की परेशानी हो तो सावन में रोज सुबह घर में गोमूत्र का छिड़काव करें तथा गुग्गुल की धूप दें।
यदि आपके विवाह में अड़चन आ रही है तो रोज शिवलिंग पर केसर मिला हुआ दूध चढ़ाएं। इससे जल्दी ही आपके विवाह के योग बनने लगेंगे।
सावन में रोज नंदी (बैल) को हरा चारा खिलाएं। इससे जीवन में सुख-समृद्धि आएगी और मन प्रसन्न रहेगा।
पूरे महीने में रोज गरीबों को भोजन कराएं, इससे आपके घर में कभी अन्न की कमी नहीं होगी तथा पितरों की आत्मा को शांति मिलेगी।
रोज सुबह जल्दी उठकर स्नान आदि से निपट कर समीप स्थित किसी शिव मंदिर में जाएं और भगवान शिव का जल से अभिषेक करें और उन्हें काले तिल अर्पण करें। इसके बाद मंदिर में कुछ देर बैठकर मन ही मन में ॐ नम: शिवाय मंत्र का जप करें।
रोज किसी नदी या तालाब जाकर आटे की गोलियां मछलियों को खिलाएं। जब तक यह काम करें मन ही मन में भगवान शिव का ध्यान करते रहें। यह धन प्राप्ति का बहुत ही सरल उपाय है।
भगवान शिव को तिल चढ़ाने से रोगों का नाश हो जाता है, ऐसा शिवपुराण में लिखा है।
भगवान महादेव को जौ अर्पित करने से सुख में वृद्धि होती है। जो व्यक्ति अपने जीवन में सुख चाहता है, उसे सावन में ये उपाय करना चाहिए।
