सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
नदी पर्यावरण को बचाने के लिये करीब डेढ़ दशक से सक्रिय सुल्तानपुर की सांस्कृतिक व सामाजिक संस्था गोमती मित्र मंडल को गत दिवस दिल्ली में सम्मान मिला तो संस्था स्वयंसेवक भाव विभोर हो उठे। रविवार को एकदूसरे को बधाई एवं शुभकामनाएं देकर खुशी का इजहार किया।
गत शनिवार को नई दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में स्वरसंसार वेलफेयर एवं कल्चरल सोसायटी एवं सोशल ट्रांसफॉरमेशन फाउंडेशन ने संयुक्त रूप से महाकुंभ अमृत सम्मान-२०२५ से गोमती मित्र मंडल को नवाजा। मंडल की ओर से संस्थापक पदाधिकारी अजय प्रताप सिंह ने यह सम्मान प्राप्त किया।
रविवार को साप्ताहिक श्रमदान के दिन सभी गोमती मित्रों ने इस सम्मान के लिए एक दूसरे को बधाई एवं शुभकामना प्रेषित की और अपनी संकल्प यात्रा को जारी रखने की मां गोमती के सम्मुख शपथ ली। प्रातः ६बजे से शुरू हुए श्रमदान से ९ बजे तक पूरे तट,परिसर, श्राद्ध स्थल व सीता उपवन की साफ सफाई कर सायंकाल होने वाली आदि गंगा मां गोमती की आरती की तैयारी की गई।मुखिया रुद्र प्रताप सिंह मदन,प्रदेश प्रवक्ता रमेश माहेश्वरी,युवा मण्डल अध्यक्ष अजय वर्मा,संत कुमार प्रधान,दिनकर सिंह,राकेश सिंह दद्दू,सेनजीत कसौधन दाऊ, मुन्ना सोनी, सौरभ कसौधन, आलोक तिवारी, सोनू सिंह,अजीत शर्मा,रामू सोनी,विकास कौशल,राकेश मिश्रा, अरूण गुप्ता, अभय सोनी,अभय मिश्रा आदि इस अवसर पर उपस्थित रहे।
