-बिना चेतावनी बंद हुए व्हॉट्सऐप अकाउंट
-भारत समेत कई देशों में अचानक ठप हुई मैसेजिंग सेवा
-मेटा ने माना, गलती से संदिग्ध घोषित हुए खाते
भारत सहित कई देशों में सोमवार, ३ अगस्त की रात हजारों व्हॉट्सऐप यूजर्स उस समय परेशान हो गए, जब उनके अकाउंट बिना किसी पूर्व चेतावनी के अचानक बंद कर दिए गए। प्रभावित यूजर्स को स्क्रीन पर संदेश मिला कि उनका खाता २४ घंटे के लिए ‘अंडर रिव्यू’ है और कंपनी उनकी गतिविधियों तथा डिवाइस से जुड़ी जानकारी की जांच कर रही है। इस दौरान मैसेज भेजने, कॉल करने और अन्य सभी सुविधाओं पर रोक लग गई। यह समस्या भारतीय समय के अनुसार रात करीब आठ बजे सामने आई।
अचानक हुई इस कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे कि आखिर किसके इशारे पर इतने बड़े पैमाने पर अकाउंट बंद किए गए और क्या इसके पीछे कोई सरकारी, राजनीतिक या निगरानी संबंधी आदेश था? लेकिन अभी तक ऐसा कोई प्रमाण सामने नहीं आया है कि किसी सरकार या बाहरी संस्था के निर्देश पर इन खातों को निशाना बनाया गया। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, मामला व्हॉट्सऐप के स्वचालित सुरक्षा और दुरुपयोग पहचानने वाले सिस्टम की गड़बड़ी का था। मेटा ने स्वीकार किया कि कई खातों को गलती से संदिग्ध मानते हुए समीक्षा के दायरे में डाल दिया गया था। कंपनी ने कहा कि वह प्रभावित अकाउंट्स की पहुंच बहाल कर रही है। इस स्पष्टीकरण से यह साफ हुआ कि यह कोई नियोजित सामूहिक प्रतिबंध नहीं, बल्कि ऑटोमेटेड मॉडरेशन सिस्टम की गलत कार्रवाई थी। हालांकि, मेटा का यह जवाब यूजर्स की परेशानी को कम नहीं करता। लाखों लोग निजी बातचीत के अलावा व्यापार, पत्रकारिता, शिक्षा, चिकित्सा सेवाओं और कार्यालयी कामकाज के लिए व्हॉट्सऐप पर निर्भर हैं। ऐसे में बिना नोटिस किसी खाते को बंद कर देना केवल तकनीकी भूल नहीं, बल्कि किसी व्यक्ति का पूरा संचार तंत्र ठप कर देने जैसा है।
मेटा के फैसलों पर पारदर्शिता का बड़ा सवाल
इस घटना ने एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा किया है, क्या किसी निजी टेक कंपनी के एल्गोरिदम को बिना मानवीय जांच और स्पष्ट कारण बताए लोगों का संचार अधिकार रोकने की खुली छूट होनी चाहिए? मेटा के अपने ओवरसाइट बोर्ड ने भी हाल में कंपनी की अकाउंट बंद करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता, उचित सुनवाई और प्रभावी अपील व्यवस्था की कमी पर सवाल उठाए थे।
क्या करें प्रभावित यूजर?
व्हॉट्सऐप स्क्रीन पर दिखाई दे रहे ‘Rलिेू a rान्गै’ विकल्प से अपील करें। केवल आधिकारिक व्हॉट्सऐप ऐप इस्तेमाल करें, ऐप को बार-बार अनइंस्टॉल या दोबारा रजिस्टर न करें और किसी अनजान व्यक्ति को ओटीपी न दें। समीक्षा पूरी होने पर कंपनी ऐप के भीतर निर्णय की जानकारी देती है।
