अनिल मिश्र / पटना
बिहार प्रदेश के बांका जिले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला परिषद कार्यालय में छापेमारी किया। इस दौरान एक इंजीनियर और एक कर्मी को 1 लाख 26 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई एक संवेदक की शिकायत के सत्यापन के बाद की गई। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को निगरानी कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला परिषद की योजना पर कार्य कर रहे संवेदक अवध बिहारी ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। शिकायत में जिला परिषद अध्यक्ष राजेंद्र यादव, जूनियर इंजीनियर (जेई) सुधीर कुमार, कर्मी जागेश्वर मंडल, इंजीनियर ओमप्रकाश मंडल समेत पांच लोगों के नाम शामिल थे।
