मुख्यपृष्ठनए समाचारएसआईआर में भाजपा का अड़ंगा!

एसआईआर में भाजपा का अड़ंगा!

– कार्यकर्ता मनमर्जी से चला रहे ‘समांतर एसआईआर’
– रोहित पवार ने लगाए गंभीर आरोप

सामना संवाददाता / मुंबई

महाराष्ट्र की राजनीति में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायक रोहित पवार ने भारतीय जनता पार्टी पर एसआईआर की आड़ में समानांतर मतदाता सत्यापन अभियान चलाने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया है कि भाजपा ने गांव-गांव में अपने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के माध्यम से एक अलग व्यवस्था सक्रिय की है, जिसमें मतदाताओं की राजनीतिक पहचान के आधार पर उनकी कथित रूप से श्रेणी तय की जा रही है। रोहित पवार ने मंगलवार सुबह सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए आरोप लगाया कि एक ओर सरकारी स्तर पर एसआईआर की प्रक्रिया चल रही है, वहीं दूसरी ओर भाजपा के कार्यकर्ताओं को एक विशेष लिंक उपलब्ध कराया गया है। इस लिंक के माध्यम से मतदाताओं का सत्यापन किए जाने का दावा किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया में मतदाताओं के नाम के सामने कथित तौर पर तीन विकल्प दिए गए हैं। ‘अपने’, ‘संदिग्ध’ और ‘विरोधी’। इसके बाद संबंधित मतदाताओं को इन तीन श्रेणियों में बांटने का काम किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरी कवायद भविष्य में ‘संदिग्ध’ या ‘विरोधी’ बताए गए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने अथवा उन्हें किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की दिशा में इस्तेमाल की जा सकती है। रोहित पवार ने इस कथित व्यवस्था को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए गंभीर खतरा बताते हुए कई सवाल उठाए हैं।

अन्य समाचार