-प्रयागराज से झांसी जेल में बंद भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था, पूंछ में हुआ सड़क हादसा
मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। यह हादसा झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में हुआ। दुर्घटना में उसके साथ दो अन्य लोगों की भी मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। सभी लोग प्रयागराज से झांसी जा रहे थे। अतीक अहमद का बेटा अली अहमद झांसी जेल में बंद है और सभी उसी से मिलने जा रहे थे। प्रयागराज में फरवरी 2023 में हुए चर्चित उमेश पाल हत्याकांड के बाद से अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता फरार है। पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अबान की कार हाईवे पर तेज रफ्तार से जा रही थी। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा। मृतकों में सबसे पहले अबान अहमद की पहचान हुई। इसके अलावा हादसे में मोहम्मद जैद और उमर समेत तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मामला हाई प्रोफाइल होने के कारण पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हर किसी की जुबान पर यही सवाल है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और कार की रफ्तार कितनी थी। फिलहाल इन सभी सवालों का जवाब जांच पूरी होने के बाद ही मिल सकेगा। पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है।
अबान अहमद, अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटों में से एक था। उमेश पाल हत्याकांड के बाद अबान और उसके भाई अहजम को नाबालिग होने के कारण बाल संरक्षण गृह में रखा गया था। बाद में अक्टूबर 2023 में दोनों को बाल संरक्षण गृह से रिहा कर उनकी बुआ की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया था। उल्लेखनीय है कि अतीक अहमद के बेटे अली अहमद को 1 अक्टूबर 2025 को नैनी जेल से झांसी जेल स्थानांतरित किया गया था। अबान समेत परिवार के सदस्य उसी से मिलने झांसी जा रहे थे।
