-झांसी जेल में बंद भाई से मिलने जा रहे सबसे छोटे बेटे आबान अहमद की सड़क हादसे में मौत
-रफ्तार का कहर: झांसी-कानपुर हाईवे पर परखच्चे उड़ी क्रेटा कार, आबान समेत दो की मौत, तीन गंभीर घायल
राजेश सरकार / प्रयागराज
संगमनगरी की धरती पर कभी खौफ का दूसरा नाम रहे माफिया अतीक अहमद के परिवार पर गुरुवार को एक और दुखद हादसा टूट पड़ा। उमेश पाल हत्याकांड के बाद एनकाउंटर और जेल तक सिमट चुके इस परिवार के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद की झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। संयोग यह भी रहा कि जिस झांसी की धरती पर वर्ष 2023 में अतीक के बेटे असद की पुलिस मुठभेड़ में मौत हुई थी, उसी जिले की सीमा में अब उसके सबसे छोटे बेटे ने भी दम तोड़ दिया।
विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, आबान अहमद अपने चार दोस्तों के साथ प्रयागराज से झांसी जा रहा था। झांसी जेल में उसका बड़ा भाई अली अहमद बंद है और सभी उसी से मिलने जा रहे थे। आबान सफेद रंग की क्रेटा कार में सवार था। सुबह करीब 10:30 बजे पूंछ थाना क्षेत्र के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पूंछ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गैस कटर और कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे युवकों को बाहर निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने आबान अहमद और उसके दोस्त सोनू को मृत घोषित कर दिया। हादसे में मोहम्मद जैद, उमर समेत तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके और अस्पताल पहुंचे। अतीक अहमद के परिवार से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। हालांकि, प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है। दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस घटना के बाद प्रयागराज में अतीक अहमद के परिजनों और करीबियों के बीच शोक का माहौल है।
