बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए आगे आया एकता मंच
रवीन्द्र मिश्रा / मुंबई
असम में आई भयावह बाढ़ के चलते वहां जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। बच्चों, महिलाओं तथा वृद्धों के सामने गंभीर परिस्थितियां उत्पन्न हो गई हैं। लोगों के घर-बार उजड़ गए हैं और उनके सामने न रहने का ठिकाना है, न ही खाने-पीने की पर्याप्त व्यवस्था। ऐसे में उन्हें हर प्रकार की सहायता की आवश्यकता है।
असम बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए सामाजिक संस्था एकता मंच ने यारी रोड, वर्सोवा स्थित चिल्ड्रेन वेल्फेयर सेंटर स्कूल में एक सहायता केंद्र स्थापित किया है।
एकता मंच के अध्यक्ष एवं प्राचार्य अजय कौल ने मुंबई के नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं, शिक्षकों, छात्रों तथा दानदाताओं से अपील करते हुए कहा है कि विपदा की इस घड़ी में सभी लोग आगे आकर मानवता का हाथ बढ़ाएं। नागरिक अनाज, कपड़े, चादर, पीने का पानी, दवाइयां तथा आर्थिक सहायता प्रदान कर सकते हैं।
बाढ़ पीड़ितों के लिए यारी रोड, वर्सोवा स्थित चिल्ड्रेन वेल्फेयर सेंटर स्कूल में सहायता केंद्र बनाया गया है। अधिक जानकारी के लिए करन शेठी से 9833112384 पर संपर्क किया जा सकता है।
