-पत्नी पर शक में गूंगे-बहरे पति ने कमरे को बनाया कत्लगाह, तीन की खोपड़ी कुचल डाली
-गढ़ीकला तिहरे हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दबोचा गया आरोपी
राजेश सरकार / प्रयागराज
गढ़ीकला के बंद कमरे में तीन मूक-बधिर लोगों की नृशंस हत्या का रहस्य आखिरकार खुल गया। पूरे शहर को झकझोर देने वाले इस तिहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी को गुरुवार को प्रयागराज पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। उसे कड़ी सुरक्षा के बीच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके कब्जे से तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
चार अगस्त को शाहगंज थाना क्षेत्र के लीडर रोड स्थित गढ़ीकला मोहल्ले के एक किराए के कमरे में दो महिलाओं और एक पुरुष के शव बिस्तर पर पड़े मिलने से पूरे प्रयागराज में सनसनी फैल गई थी। तीनों मूक-बधिर थे और कूड़ा बीनकर अपना जीवनयापन करते थे। कमरे में फैला खून और बिस्तर पर पड़ी लाशों ने पुलिस को भी हिला दिया था। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे थे। मुकदमा दर्ज कर एसओजी और कई पुलिस टीमों को खुलासे में लगाया गया।
मुखबिर की सूचना, घेराबंदी, फायरिंग और फिर गिरफ्तारी
गुरुवार को पुलिस को सूचना मिली कि वारदात का आरोपी एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में घूम रहा है। शाहगंज पुलिस, एयरपोर्ट थाना पुलिस और एसओजी नगर की टीम ने भगवतपुर रेलवे अंडरपास के पास घेराबंदी कर दी। पुलिस के अनुसार, रुकने का इशारा करने पर आरोपी ने भागते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने उसे दबोच लिया और उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।
पत्नी पर अवैध संबंधों का शक बना खून की वजह
पूछताछ में आरोपी ने इशारों के जरिए पुलिस को बताया कि वह वाराणसी के नदेसर क्षेत्र का रहने वाला है। उसकी दो बेटियां हैं। उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था और वह कई लोगों से उसके संबंध होने की बात कहता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी का कहना है कि उसने पत्नी को कई बार समझाया, लेकिन वह नहीं मानी। इसी बीच उसका संपर्क शाहगंज में रहने वाले एक मूक-बधिर युवक से भी हो गया।
तीन अगस्त को पत्नी बिना बताए शाहगंज चली गई। बाद में उसने वीडियो कॉल कर अपनी मौजूदगी दिखाई। यही वीडियो कॉल आरोपी के गुस्से की वजह बन गई।
छोटे गैस सिलेंडर से बरसाया मौत का कहर
पुलिस के अनुसार, उसी रात आरोपी शाहगंज पहुंचा और किराए के कमरे में दाखिल हो गया। वहां सबसे पहले उसने छोटे गैस सिलेंडर से पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शोर सुनकर बचाने आए युवक और उसकी पत्नी पर भी उसने बेरहमी से हमला कर दिया। कुछ ही मिनटों में कमरा तीन लाशों से भर गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया।
अब अदालत में होगी सच की अंतिम परीक्षा
पुलिस ने हत्या के मुकदमे में आवश्यक धाराओं के साथ शस्त्र अधिनियम की धाराएं भी बढ़ा दी हैं। आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्यों तथा अन्य सबूतों के आधार पर विवेचना आगे बढ़ा रही है। मामले का अंतिम निष्कर्ष न्यायालय में प्रस्तुत साक्ष्यों और सुनवाई के आधार पर तय होगा।
सिर्फ एक शक और तीन जिंदगियां खत्म हो गईं। रिश्तों में अविश्वास जब हिंसा में बदलता है तो उसका अंजाम सिर्फ परिवार नहीं, बल्कि पूरे समाज को झकझोर देता है। गढ़ीकला का यह तिहरा हत्याकांड इसी कड़वी सच्चाई की भयावह मिसाल बन गया।
