मुख्यपृष्ठसमाचारभाजपा सिर्फ सियासत कर अपने पुराने पापों से ध्यान हटाने का काम...

भाजपा सिर्फ सियासत कर अपने पुराने पापों से ध्यान हटाने का काम कर रही है: विजय शंकर नायक

अनिल मिश्र / रांची

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा केवल राजनीति चमकाने के लिए मुद्दों को उठा रही है और अपने पूर्व के कार्यकाल की कमियों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्र और युवा दिल्ली में हुए आंदोलन से सबक ले चुके हैं। अब वे भाजपा की राजनीति को समझ चुके हैं और उससे दूरी बनाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्र न्याय, पारदर्शिता और रोजगार की मांग कर रहे हैं तथा कांग्रेस उनके साथ खड़ी है। भाजपा छात्रों के कंधों पर राजनीति करने में लगी है।
विजय शंकर नायक ने कहा कि दिल्ली के मामलों में चुप्पी और झारखंड के मामलों में मुखरता भाजपा की दोहरी राजनीति को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आंदोलनरत छात्र प्रतिनिधियों से वीडियो कॉल के माध्यम से संवाद कर यह साबित किया है कि कांग्रेस युवाओं की आवाज सुनती भी है और उसे राष्ट्रीय स्तर पर उठाती भी है। राहुल गांधी ने छात्रों की समस्याएं सुनीं, उनका मनोबल बढ़ाया और भरोसा दिलाया कि न्यायपूर्ण भर्ती व्यवस्था के लिए कांग्रेस हर लोकतांत्रिक लड़ाई लड़ेगी।
उन्होंने बताया कि झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी के. राजू के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर छात्रों की मांगों को विस्तार से रखा। मुख्यमंत्री ने भी सकारात्मक रुख अपनाते हुए समाधान के लिए संवाद का रास्ता चुना। उन्होंने कहा कि यही जिम्मेदार राजनीति है—सड़क से उठी आवाज को सत्ता तक पहुंचाना और समाधान की दिशा में काम करना।
प्रदेश प्रवक्ता ने भाजपा से सवाल किया कि जब वह सत्ता में थी, तब भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर उठे विवादों और न्यायालयों तक पहुंचे मामलों के समाधान के लिए उसने कौन से स्थायी संस्थागत सुधार किए। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के छात्र आंदोलन में लाठीचार्ज करने वाली भाजपा आज छात्रों की पीड़ा को राजनीतिक हथियार बनाकर केवल सुर्खियां बटोरने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि युवाओं का भविष्य केवल प्रेस कॉन्फ्रेंस और विधानसभा में हंगामा करने से सुरक्षित नहीं होगा, बल्कि पारदर्शी व्यवस्था और जवाबदेही से ही उनका भविष्य मजबूत होगा।
विजय शंकर नायक ने कहा कि कांग्रेस का रुख स्पष्ट है कि किसी भी भर्ती प्रक्रिया में अनियमितता की शिकायत मिलने पर निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच होनी चाहिए। दोषी पाए जाने वालों पर कठोर कार्रवाई हो, लेकिन लाखों मेहनती और ईमानदार अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस संवाद में विश्वास करती है। राहुल गांधी ने छात्रों से संवाद किया, के. राजू ने पहल की और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बातचीत का रास्ता अपनाया। यही लोकतांत्रिक राजनीति है। इसके विपरीत केवल विरोध के लिए विरोध करना और हर मुद्दे पर राजनीतिक लाभ तलाशना युवाओं की समस्याओं का समाधान नहीं है।
उन्होंने कहा कि झारखंड का युवा राजनीतिक नाटक नहीं, बल्कि न्याय चाहता है। वह आरोपों की राजनीति नहीं, बल्कि पारदर्शी भर्ती व्यवस्था चाहता है। कांग्रेस युवाओं के अधिकार, रोजगार और सामाजिक न्याय की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ती रहेगी।
उन्होंने अंत में कहा कि कांग्रेस का एजेंडा समाधान है, जबकि भाजपा का एजेंडा केवल सियासत कर अपने पुराने मामलों से ध्यान हटाना और अपनी राजनीति चमकाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केवल हेमंत सरकार की भर्तियों की जांच की मांग करती है, लेकिन अपने कार्यकाल में हुए कथित विवादित मामलों पर कुछ नहीं बोलती। झारखंड का युवा समझदार है और वह दोनों के बीच का अंतर अच्छी तरह जानता है।

अन्य समाचार