चोरी-लूट की वारदातों से जुड़ा गैंगस्टर फाफामऊ के बेला कछार से दबोचा गया
राजेश सरकार / प्रयागराज
चोरी और लूट की कई वारदातों में शामिल रहे एक लाख रुपये के इनामी गैंगस्टर सुनील कुमार भारतीया उर्फ गुंगे को प्रयागराज एसटीएफ ने रविवार को दबोच लिया। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी फाफामऊ क्षेत्र में जय गुरुदेव आश्रम से करीब 50 मीटर पीछे बेला कछार के पास सुबह की गई। एसटीएफ के मुताबिक, सुनील कुमार भारतीया उर्फ गुंगे के खिलाफ फाफामऊ थाने में गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज था। गिरफ्तारी के लिए उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी की तलाश में एसटीएफ की फील्ड यूनिट प्रयागराज लगातार अभिसूचना जुटा रही थी। पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण और निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में टीम को रविवार को आरोपी के बेला कछार क्षेत्र में होने की सूचना मिली। इसके बाद उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक मो. हबीब अहमद सिद्दीकी समेत एसटीएफ टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
2019 से अपराध की राह पर
पूछताछ में एसटीएफ को आरोपी ने बताया कि वर्ष 2019 से वह अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देता रहा है। इन मामलों में जीआरपी और फाफामऊ थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी पहले भी जेल जा चुका है। वर्ष 2025 में फाफामऊ थाने में आरोपी और उसके साथी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मामले में वह लंबे समय से फरार था और उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था। गिरफ्तार आरोपी सुनील कुमार भारतीया उर्फ गुंगे निवासी रंगपुरा, फाफामऊ और मूल निवासी बैहराना खानपुर, मऊआइमा को फाफामऊ थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में दाखिल कर दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस कर रही है।
