राजेश सरकार / प्रयागराज
नैनी स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शनिवार को इतिहास विभाग के तत्वावधान में ‘काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस’ पर विशेष कार्यक्रम एवं आशु भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। स्मार्ट रूम-1 में हुए कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. (डॉ.) ओम प्रकाश, इतिहास विभाग की प्रभारी डॉ. अर्चना सिंह, डॉ. अंजना एवं डॉ. अवधेश कुमार ने भारत माता और काकोरी के अमर बलिदानियों के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलित करके किया।
अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रो. (डॉ.) ओम प्रकाश ने काकोरी ट्रेन एक्शन के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और साहस से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने पं. राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां, चंद्रशेखर आजाद, ठाकुर रोशन सिंह, राजेंद्र लाहिड़ी समेत काकोरी कांड से जुड़े क्रांतिकारियों के योगदान को याद किया।
आशु भाषण प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे। निर्णायक मंडल में प्रो. महेंद्र प्रसाद, प्रो. भास्कर शुक्ला एवं डॉ. जयराम त्रिपाठी शामिल रहे। प्रतियोगिता में शिल्पा पाण्डेय ने प्रथम, सनी विश्वकर्मा ने द्वितीय और शाश्वत पाण्डेय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के समापन पर डॉ. अंजना ने अतिथियों, प्राध्यापकों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर डॉ. अवधेश आर्या, डॉ. अमित मिश्रा, डॉ. सुरेश पटेल, डॉ. आनंद सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
