मुख्यपृष्ठसमाचारसमाज के लिए विज्ञान श्रृंखला के अंतर्गत प्रो. एन. के. मुखोपाध्याय का...

समाज के लिए विज्ञान श्रृंखला के अंतर्गत प्रो. एन. के. मुखोपाध्याय का सीयूएसबी में विशेषज्ञ व्याख्यान

अनिल मिश्र / पटना

‘समाज के लिए विज्ञान’ व्याख्यान श्रृंखला के अंतर्गत बिहार प्रदेश की धार्मिक, आध्यात्मिक, पौराणिक एवं ऐतिहासिक नगरी गयाजी शहर से पंद्रह किलोमीटर की दूरी पर पंचानपुर में स्थित दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के भौतिकी विभाग ने इंडियन नेशनल यंग एकेडमी ऑफ साइंस, नई दिल्ली तथा इंडियन फिजिक्स एसोसिएशन, बिहार चैप्टर के सहयोग से विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया। कुलपति प्रो. के. एन. सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में आईआईटी (बीएचयू), वाराणसी के धातुकर्म विभाग के प्रो. एन. के. मुखोपाध्याय ने ‘इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोपी द्वारा नवीन पदार्थों का संरचनात्मक एवं रासायनिक अभिलक्षणन’ विषय पर व्याख्यान दिया।
उन्होंने इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोपी के पीछे निहित मूलभूत भौतिकी तथा तकनीकी रूप से महत्वपूर्ण उन्नत पदार्थों के विकास में इसकी महत्ता पर विस्तार से चर्चा की। प्रो. मुखोपाध्याय ने यह भी बताया कि किस प्रकार ऐसे उन्नत उपकरणों का उपयोग पदार्थों की मूलभूत भौतिकी एवं संरचना को समझने के लिए किया जा सकता है, जिससे विभिन्न पदार्थों के बहु-कार्यात्मक गुणों को बेहतर ढंग से अनुकूलित किया जा सके।
इस संबंध में दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के जनसंपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने आज मंगलवार को बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत भौतिकी विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. रोहित रंजन शाही द्वारा वक्ता एवं प्रतिभागियों के स्वागत के साथ हुई। डॉ. शाही ने कार्यक्रम की विषय-वस्तु तथा व्याख्यान के विषय पर प्रकाश डालते हुए समाज के लिए इसकी प्रासंगिकता को स्पष्ट किया। इस बीच उन्होंने विज्ञान के लोकप्रियकरण में आईएनवाईएएस की भूमिका तथा उसकी कार्यप्रणाली के बारे में भी जानकारी दी।
भौतिक विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता प्रो. अतुल प्रताप सिंह ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस संबंध में उन्होंने कहा कि इस प्रकार के व्याख्यान विभाग, संकाय एवं विश्वविद्यालय के स्नातक और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों में अनुसंधान की प्रवृत्ति विकसित करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
इस बीच विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक व्याख्यान में भाग लिया और वक्ता के साथ संवाद करते हुए ट्रांसमिशन इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोप से संबंधित कई प्रश्न पूछे। इस व्याख्यान में दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय के 120 से अधिक एकीकृत स्नातक-स्नातकोत्तर, स्नातकोत्तर एवं पीएच.डी. विद्यार्थियों ने भाग लिया।
वहीं, धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए भौतिकी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. बुधेंद्र कुमार सिंह ने पदार्थ विज्ञान में महत्वपूर्ण अभिलक्षणन तकनीकों में से एक पर व्याख्यान देने के लिए प्रो. मुखोपाध्याय के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही, प्रो. सिंह ने सीयूएसबी के विद्यार्थियों के हित में इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने के लिए प्रेरणा एवं प्रोत्साहन प्रदान करने हेतु कुलपति प्रो. के. एन. सिंह के प्रति भी धन्यवाद ज्ञापित किया।
आज के इस व्याख्यान में भौतिकी एवं रसायन विज्ञान विभाग के विभिन्न संकाय सदस्यों ने भी भाग लिया।

अन्य समाचार