मुख्यपृष्ठटॉप समाचारविजयी विश्व तिरंगा प्यारा! ...शिवसेना का ध्वजारोहण

विजयी विश्व तिरंगा प्यारा! …शिवसेना का ध्वजारोहण

राष्ट्रभक्ति का जज्बा…
भारी भीड़, जबरदस्त उत्साह
सामना संवाददाता / मुंबई
हिंदुस्थान के ८०वें स्वतंत्रता दिवस का शानदार स्वागत शिवसेना भवन में किया गया। रात १२ बजे शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे के हाथों शिवसेना भवन के प्रांगण में ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी गई। इस समारोह में शिवसैनिकों के साथ-साथ ‘जेन-जी’ की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। वंदे मातरम और राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन हुआ तथा भारत माता के जयकारों से पूरा दादर गूंज उठा। सभी ने देशभक्ति का एक अद्भुत और भव्य नजारा देखा। इस अवसर पर उद्धव ठाकरे ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे सहित शिवसेना के कई प्रमुख नेता इस अवसर पर मौजूद थे। शिवसेना भवन के प्रांगण में हर साल की तरह इस साल भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण समारोह का आयोजन किया गया था।
एक देश… एक तिरंगा… एक आवाज… का आह्वान करते हुए शिवसेना ने सोशल मीडिया पर अपील की थी कि स्वतंत्रता, संविधान और लोकतंत्र के मूल्यों का सम्मान करने के लिए हम सभी एकजुट हों और आजादी की मशाल को जलाए रखें। इस अपील पर युवाओं ने जबरदस्त प्रतिक्रिया दी और हजारों की संख्या में लोगों ने इस ध्वजारोहण समारोह में हिस्सा लिया।
इस समारोह के लिए शिवसेना भवन को खास रोशनी से सजाया गया था। रात ११ बजे से ही शिवसेना भवन पर लोगों का जुटना शुरू हो गया था। हाथों में तिरंगा झंडा लिए युवा बड़ी तादाद में शिवसेना भवन पहुंच रहे थे। पूरा क्षेत्र लोगों की भीड़ से खचाखच भरा हुआ था। लगातार बज रहे देशभक्ति के गीतों ने लोगों के उत्साह को और बढ़ा दिया।

 

 

अन्य समाचार