अनिल मिश्र / पटना
राजकीय डिग्री महाविद्यालय, डुमरिया (गया) के प्रांगण में 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत का गायन करके हुआ। इसके बाद कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार द्वारा राष्ट्रध्वजारोहण किया गया तथा राष्ट्र एवं तिरंगे के सम्मान में सामूहिक राष्ट्रगान गाया गया। कॉलेज के प्राचार्य द्वारा छात्रों को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता दिवस की महत्ता एवं इसको पाने के लिए दिए गए बलिदान को याद दिलाया गया। उन्होंने राष्ट्र उन्नति के लिए शिक्षा को एक महत्त्वपूर्ण स्तंभ बताया तथा छात्रों को राष्ट्रप्रेम के साथ शिक्षा ग्रहण करने की प्रेरणा दी। कॉलेज के बर्सर जी ने भी स्वतंत्रता के महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को शिक्षा के माध्यम से अपने सुनहरे भविष्य को गढ़ने के लिए प्रेरित किए। इस अवसर पर डिग्री कॉलेज के प्राध्यापकगण, उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाचार्या, शिक्षकगण, छात्र, बाहर से आए अतिथि एवं गांव के सम्मानित लोग उपस्थित थे। इस राष्ट्रीय त्यौहार के अवसर पर विद्यालय के छात्रों द्वारा पूरे प्रांगण को तिरंगे से सजाया गया तथा रंगोली बनायी गई। उत्साहित छात्रों द्वारा देशभक्ति गीत गाये गए तथा देशभक्ति नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत हो उठा। अंत में छात्रों में मिठाई बाँटी गई तथा शिक्षकों के साथ भी मिठाई एवं रेफ्रेशमेंट हुआ। गौरतलब हो कि बिहार प्रदेश में विभिन्न प्रखंडों में पिछले महिने दो सौ ग्यारह डिग्री महाविद्यालय खोले गए हैं। इसी कड़ी में गया जिले के डुमरिया प्रखंड मुख्यालय में भी डिग्री महाविद्यालय खोले गए हैं।इसी सिलसिले में आज पहली बार स्वतंत्रता दिवस का आयोजन किया गया।
