मुख्यपृष्ठनए समाचारसरकारी भर्ती परीक्षाओं पर फिर उठे सवाल...सुप्रिया सुले ने सरकार को घेरा

सरकारी भर्ती परीक्षाओं पर फिर उठे सवाल…सुप्रिया सुले ने सरकार को घेरा

-एमएमआरडीए भर्ती में कथित गड़बड़ी को लेकर फडणवीस सरकार पर निशाना; बोलीं- मामला सिर्फ एक परीक्षा का नहीं

सामना संवाददाता / मुंबई

महाराष्ट्र में सरकारी और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित घोटालों और अनियमितताओं का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले ने एमएमआरडीए की भर्ती परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर महायुति सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में सरकारी परीक्षाओं की पारदर्शिता लगातार सवालों के घेरे में रही है और अब एमएमआरडीए की भर्ती प्रक्रिया ने एक बार फिर लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सुप्रिया सुले ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मांग की है कि एमएमआरडीए की मौजूदा भर्ती प्रक्रिया तत्काल रद्द की जाए और कथित अनियमितताओं की उच्च न्यायालय की निगरानी में गहन जांच कराई जाए। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की भी मांग की है।
सुप्रिया सुले ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले लाखों युवा वर्षों तक मेहनत करते हैं। उनके साथ उनके माता-पिता भी आर्थिक और मानसिक रूप से बच्चों के भविष्य के लिए मेहनत करते हैं। ऐसे में परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी केवल प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने दावा किया कि पिछले एक वर्ष में मनपा एसई और जेई, पीएमसी जेई, महाट्रांस एई, एमजेपी जेई, एमएमआरडीए जेई, एमआईडीसी जेई, एमआईडीसी एई और सिडको एई जैसी करीब ८-९ भर्ती परीक्षाओं में कथित घोटाले या गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। सुले का सवाल है कि अगर बार-बार सरकारी भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं तो सरकार आखिर कब जागेगी?

अन्य समाचार