राजेश सरकार / प्रयागराज
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने शुक्रवार को सीएवी इंटर कॉलेज में आयोजित ‘कैरियर संवाद’ कार्यक्रम में छात्रों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के दिल टटोले, उनकी भविष्य की योजनाओं को जाना और सफलता के अचूक गुरुमंत्र साझा किए। डीएम ने बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि जीवन में हमेशा बड़ा लक्ष्य रखना चाहिए। लक्ष्य जितना विशाल होगा, उसे हासिल करने के लिए उतनी ही कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास की जरूरत होगी। उन्होंने भरोसा जताया कि देश की इस नई पौध में अद्भुत प्रतिभा है।
रुचि के अनुसार चुनें राह: डीएम ने छात्रों को सलाह दी कि वे केवल पढ़ाई तक सीमित न रहें। खेल, संगीत, कला या जिस भी क्षेत्र में उनकी रुचि हो, उसमें अपनी पूरी ताकत झोंक दें और सफलता के सर्वोच्च शिखर को छुएं। उन्होंने अपने प्रशासनिक अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि कोई भी मुकाम असंभव नहीं होता।
अभिभावक और देश का नाम करें रोशन: युवाओं को प्रेरित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि आप सभी को अपने माता-पिता और देश के लिए कुछ बड़ा करने का संकल्प लेना चाहिए।
तनाव और समय का प्रबंधन: कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. संतोष कुमार राय ने भी बच्चों से व्यावहारिक संवाद किया। उन्होंने छात्रों को समय प्रबंधन (टाइम मैनेजमेंट), तनाव से मुक्ति और परीक्षा के दबाव से निपटने के बेहद कारगर और व्यावहारिक तरीके सिखाए।इस खास मौके पर सह जिला विद्यालय निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह, प्रधानाचार्य के.के. प्रसाद सहित विद्यालय के शिक्षक और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
