डॉ. कमल कांत उपमन्यु / मथुरा
वृंदावन के रुक्मिणी विहार क्षेत्र में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां एक निर्माणाधीन मॉल की चौथी मंजिल पर लेंटर डालते समय शटरिंग अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गई। इस दर्दनाक हादसे में मलबे में दबने से तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की जानकारी मिलते ही डीएम और एसएसपी भी मौके पर पहुंच गए। वहीं, मुख्यमंत्री ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए जांच के निर्देश दिए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल तुरंत हरकत में आ गए। राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया। मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से एक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला संयुक्त चिकित्सालय से आगरा रेफर कर दिया गया। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि चौथे की हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जाता है कि वृंदावन के निर्माणाधीन ओमेक्स कोर्टयार्ड मॉल में शुक्रवार सुबह चल रहा निर्माण कार्य अचानक चीख-पुकार में बदल गया। कुछ मिनट पहले तक जहां मजदूर निर्माण कार्य में जुटे थे, वहीं अचानक शटरिंग भरभराकर नीचे आ गिरी। देखते ही देखते भारी शटरिंग और मलबे के नीचे चार मजदूर दब गए। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूर और आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन भारी मलबे के कारण दबे लोगों को बाहर निकालना आसान नहीं था। शटरिंग के नीचे दबे मजदूरों तक पहुंचने के लिए मलबा हटाने और लोहे के भारी हिस्सों को अलग करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बचाव दल ने कड़ी मेहनत के बाद मजदूरों को बाहर निकाला।
हादसे में पश्चिम बंगाल निवासी आलम और रिफ्यूल तथा नेपाल निवासी शिवराम की मौत हो गई। वहीं, पश्चिम बंगाल निवासी 45 वर्षीय दिलदार की हालत गंभीर है। उनका उपचार चल रहा है।
हादसे के बाद निर्माण स्थल पर काम पूरी तरह रोक दिया गया। अचानक हुए हादसे से वहां मौजूद मजदूरों और कर्मचारियों में दहशत फैल गई। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार वालों ने निर्माण कंपनी पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के लिए 50 लाख रुपये के मुआवजे की मांग की है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सूचना पर डीएम सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शासन ने भी घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश डीएम और एसएसपी को दिए हैं।
जैन ने बताया कि रात आठ बजे से सुबह तक ढलाई का काम चल रहा था और इस दौरान 10 से 12 मजदूर काम कर रहे थे। उन्होंने स्वीकार किया कि अचानक हुए हादसे में चार मजदूर चपेट में आ गए, जिनमें से तीन की मौत हो गई। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मॉल का निर्माण कार्य 7 अगस्त से शुरू हुआ था। परियोजना के तहत दो बेसमेंट, एक लोअर फ्लोर और ग्राउंड प्लस सात मंजिल की इमारत का निर्माण प्रस्तावित है।
वीकेजे प्रोजेक्ट कंपनी के प्रतिनिधि चंद्रशेखर और प्रियंका ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक मजदूरों के परिवारों को 20-20 लाख रुपये और घायल मजदूर के परिजनों को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता कंपनी की ओर से दी जाएगी। कंपनी ने कहा कि इस संवेदना की घड़ी में वह पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
