मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने देश में वंदे मातरम् के गायन को लेकर चल रही राजनीति को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् के गायन को लेकर संसद में पारित कानून पहली बार नहीं आया है। बसपा सुप्रीमो ने शुक्रवार को जारी अपने बयान में कहा कि केंद्र और राज्यों में सत्ता परिवर्तन के दौरान राजनीतिक दल अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए या अपनी कमियां छिपाने के लिए ऐसा करते हैं। वे एक-दूसरे द्वारा बनाए गए कानूनों को भी बदलते रहते हैं।
मायावती ने कहा कि उन्होंने ‘जेन-जी’ युवाओं और ‘जी-अल्फा’ स्कूली बच्चों के मुद्दों को उठाया है। साथ ही देश के कुछ हिस्सों में आई बाढ़ से हुई जान-माल की हानि का भी जिक्र करते हुए कहा कि इन सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्र और राज्य सरकारों को ध्यान देना चाहिए। सभी राजनीतिक दलों को भी इन पर समुचित ध्यान देना चाहिए। यह वर्तमान में देश और जनहित में समय की सबसे जरूरी मांग है।
