मुख्यपृष्ठअपराधजहर देकर मारने की कोशिश के बाद अब माया की संदिग्ध मौत

जहर देकर मारने की कोशिश के बाद अब माया की संदिग्ध मौत

 -पति समेत चार पर हत्या का आरोप…दर्ज की नामजद एफआईआर

– भाई बोला- पहले से मिल रही थी जान से मारने की धमकी

राजेश सरकार / प्रयागराज

शादी के करीब दो दशक बाद एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने सनसनी फैला दी है। मृतका माया पांडेय के भाई सड़वा कलां टीएसएल नैनी निवासी अनुज कुमार तिवारी पुत्र सुशील कुमार तिवारी ने बहन के पति हरिशंकर पांडेय, उसके पिता अवध नारायण पांडेय, अनिल पांडेय एवं विपिन पांडेय के खिलाफ नामजद तहरीर देकर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। एफआईआर में मृतका के भाई अनुज ने अपने जीजा हरिशंकर पांडेय पर आरोप लगाया है कि आरोपी का मथुरा में किसी महिला से अवैध शारीरिक संबंध था, जिसका पता चलने पर उनकी बहन माया ने विरोध करना शुरू कर दिया था। इस पर जीजा ने उसकी बहन को बहुत मारा-पीटा भी था। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक रश्मि निर्मल को सौंपी है।
एफआईआर के मुताबिक माया का विवाह करीब 19 वर्ष पूर्व पूरामुफ्ति थाना के मनौरी रोड, मनौरी चौराहा निवासी हरिशंकर पांडेय पुत्र अवध नारायण पांडेय के साथ हुआ था। भाई का आरोप है कि शादी के कुछ वर्षों बाद से ही माया को ससुराल में प्रताड़ित किया जाने लगा। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि करीब दस वर्ष पहले माया को कथित तौर पर जहर देकर जान से मारने का प्रयास किया गया था। हालत बिगड़ने पर उसे जीवन ज्योति अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने कथित तौर पर सल्फास की गोली खिलाकर जान से मारने के प्रयास की बात बताई थी। भाई के अनुसार, घटना के बाद माया ने थाने में शिकायत की, लेकिन उसके पति हरिशंकर पांडेय के पुलिस विभाग में होने के प्रभाव के कारण कार्रवाई नहीं हो सकी। शिकायत में आरोप है कि इसके बाद भी माया को बार-बार धमकाया जाता रहा और उसे घरवालों के खिलाफ शिकायत करने से रोकने का प्रयास किया गया।
फोन पर रोते हुए बताई थी आपबीती
एफआईआर में कहा गया है कि 27 अगस्त 2026 की रात करीब 9:27 बजे माया ने अपने भाई अनुज की पत्नी को फोन किया था। वह रोते हुए बता रही थी कि ससुराल के लोग उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान कर रहे हैं और किसी भी समय उसे मार डालेंगे। इसी दौरान फोन कट गया। इसके बाद 29 अगस्त की सुबह करीब 10:30 बजे परिजनों को सूचना मिली कि माया की मौत हो गई है। भाई ने एफआईआर में साफ तौर पर आशंका जताई है कि उसकी बहन को ससुराल वालों ने जान से मार दिया। मामले की गंभीरता इसलिए भी बढ़ गई है, क्योंकि शिकायत में मृतका की ओर से पहले ही प्रताड़ना और जान का खतरा बताए जाने का उल्लेख है। अब पुलिस के सामने यह पता लगाना बड़ी चुनौती है कि माया की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसकी मौत से पहले बताए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के बाद ही मौत की वास्तविक वजह और आरोपों की तस्वीर पूरी तरह साफ हो सकेगी। इस बीच नैनी के सड़वा में रहने वाले उसके मायका पक्ष के लोगों ने रविवार शाम को पोस्टमार्टम के बाद माया के शव का अंतिम संस्कार दारागंज घाट पर कर दिया है। माया की मौत के बाद नैनी स्थित उसके मायके में कोहराम मचा हुआ है।

अन्य समाचार