सामना संवाददाता / मुंबई
नीलांबरी फाउंडेशन द्वारा ट्वेंटी डाउन-टाउन हॉल, चर्चगेट में जाने-माने शायर शिवदत्त ‘अक्स’ की पुस्तक ‘अक्स-ए-गजल’ पर गोष्ठी का आयोजन राजू बलवानी के सौजन्य से किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पत्रकार तथा नीलांबरी फाउंडेशन के सचिव एवं मीडिया प्रभारी लक्ष्मीकांत कमलनयन मिश्र के स्वागत वक्तव्य से हुई।
प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय शायर डॉ. सागर त्रिपाठी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। मुंबई विश्वविद्यालय के हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. करुणाशंकर उपाध्याय ने अपने बौद्धिक वक्तव्य से सभी को प्रभावित किया। तत्पश्चात एसएनडीटी महिला विश्वविद्यालय की प्राध्यापिका उषा अशोक, फिल्म लेखक एवं निर्देशक तथा शायर गुलशन मदान और डॉ. कृपाशंकर मिश्रा ने पुस्तक पर अपने विचार रखे।
पुस्तक के लेखक शिवदत्त ‘अक्स’ ने अपनी रचना-प्रक्रिया साझा की। नीलांबरी फाउंडेशन की संस्थापक अध्यक्ष डॉ. नीलिमा पांडे ने पुस्तक से चुनिंदा गजलों का पाठ किया।
इस उत्कृष्ट आयोजन में कई विशिष्ट लोगों की उपस्थिति रही। इनमें कवयित्री लक्ष्मी यादव ‘ओजस्विनी’, समीरा दलवई, श्रीधर मिश्र ‘आत्मिक’, डॉ. ओमप्रकाश तिवारी, राजेश दूबे ‘अल्हड़ असरदार’, आनंद पांडे ‘केवल’, डॉ. प्रमोद ‘पल्लवित’, साहित्यकार त्रिलोचन सिंह अरोरा, कवि-पत्रकार रवि यादव, समीक्षक रामकुमार तथा गंगाशरण सिंह, पत्रकार यशपाल शर्मा, तोशेष शुक्ला, रामासरे यादव, शाहिना निर्झरकर, विनायक शिंदे, सूर्यकांत घोरपड़े, सुप्रिया यादव, रीटा भट, श्याम तिवारी तथा अन्य लोग शामिल रहे।
कार्यक्रम के बाद रक्षाबंधन पर्व भी मनाया गया। डॉ. नीलिमा पांडे ने इस अवसर पर कहा कि नीलांबरी फाउंडेशन द्वारा इस तरह के सार्थक कार्यक्रम आगे भी किए जाते रहेंगे। लक्ष्मीकांत कमलनयन मिश्र ने आभार व्यक्त किया।
