-नैनी के उत्तरी लोकपुर में मिला 30 वर्षीय मोबिन का शव
-सोमवार शाम से था लापता…सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
राजेश सरकार / प्रयागराज
उत्तरी लोकपुर में मंगलवार सुबह बाउंड्री वॉल के भीतर जलभराव वाले परिसर में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची नैनी पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। मृतक की पहचान जहांगीराबाद गंजिया निवासी 30 वर्षीय मोबिन पुत्र मुर्तजा के रूप में हुई।
मोबिन खराद का काम करता था और चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसके पिता मुर्तजा रेलवे से सेवानिवृत्त बताए जाते हैं। परिजनों के मुताबिक, मोबिन सोमवार शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार के लोग उसकी तलाश करते रहे, मगर उसका कोई पता नहीं चला। मंगलवार सुबह उत्तरी लोकपुर में शव मिलने की सूचना मिली तो परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। देखते ही देखते घर में कोहराम मच गया।
* पानी में शव, सवाल कई
मोबिन का शव जिस बाउंड्री वॉल के भीतर पानी में मिला, उसने घटना को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों ने आशंका जताते हुए बताया कि मोबिन का कुछ लोगों से विवाद भी था। सवाल यह है कि वह बाउंड्री वॉल के भीतर आखिर पहुंचा कैसे? क्या वह खुद वहां गया था या किसी ने उसे वहां पहुंचाया? घटना के समय उसके साथ कोई और मौजूद था या नहीं-इन तमाम सवालों के जवाब पुलिस तलाश रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
नैनी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस प्रथम दृष्टया पानी में गिरने से मौत की आशंका मानकर जांच कर रही है। हालांकि, आशंका जता रहे परिजनों की नजर अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ होने की उम्मीद है।
