११ सितंबर को ग्लोबल रिलीज
सामना संवाददाता / मुंबई
भारतीय बॉक्स ऑफिस पर बिना किसी बड़े सितारे और भारी-भरकम प्रचार के चमत्कार करने वाली फिल्म ‘हनुमान अंश’ अब सरहदें पार करने जा रही है। भारत में दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिलने के बाद फिल्म को ११ सितंबर २०२६ को अंतर्राष्ट्रीय सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। इसकी ओवरसीज डिस्ट्रीब्यूशन की कमान ‘केजीएफ’ और ‘कांतारा’ जैसी चर्चित फिल्मों से जुड़े होम्बले फिल्म्स ने संभाली है।
होम्बले फिल्म्स ने गुरुवार को इसकी आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि ‘हनुमान अंश’ को होम्बले ओवरसीज के जरिए अंतर्राष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा। यानी भारत में अप्रत्याशित सफलता के बाद अब फिल्म की असली परीक्षा विदेशी बॉक्स ऑफिस पर होगी। नीम करौली बाबा के जीवन और आध्यात्मिक यात्रा से प्रेरित ‘हनुमान अंश’ ७ अगस्त को भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। शुरुआत बेहद धीमी रही। पहले दिन फिल्म का कारोबार महज करीब १० लाख रुपए था। शुरुआती दो सप्ताह तक भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई बड़ा धमाका नहीं कर सकी, लेकिन इसके बाद दर्शकों की जुबानी तारीफ ने तस्वीर बदल दी।
धीरे-धीरे सिनेमाघरों में दर्शक बढ़े और फिल्म ने ६० करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया। अलग-अलग ट्रेड रिपोर्टों में इसका भारतीय कारोबार करीब ६१ से ६३ करोड़ रुपये से अधिक बताया गया है। महज करीब दो करोड़ रुपए के बजट में बनी इस फिल्म की सफलता ने फिल्म उद्योग को भी चौंका दिया है। फिल्म के लेखक और निर्देशक विशाल चतुर्वेदी हैं। फिल्म नीम करौली बाबा यानी ‘महाराज जी’ की आध्यात्मिक यात्रा और उनके प्रेम, सेवा तथा भक्ति के संदेश को पर्दे पर प्रस्तुत करती है। अब ‘हनुमान अंश’ को विदेशों में उतारने के लिए होम्बले फिल्म्स का साथ मिलना इसके लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। ‘केजीएफ’ और ‘कांतारा’ जैसे ब्रांड से जुड़ी कंपनी के अंतर्राष्ट्रीय वितरण नेटवर्क के सहारे फिल्म अब भारत से बाहर बसे भारतीय दर्शकों के साथ विदेशी दर्शकों तक भी पहुंचने की तैयारी में है। छोटे बजट की ‘हनुमान अंश’ ने पहले भारत में बॉक्स ऑफिस का गणित बदला और अब ११ सितंबर से उसकी नजर दुनिया के सिनेमाघरों पर है।
