मुख्यपृष्ठनए समाचारटैक्सी में छूटा मोबाइल पुलिस की मदद से यात्री को मिला

टैक्सी में छूटा मोबाइल पुलिस की मदद से यात्री को मिला

-मुंबई सेंट्रल रेलवे पुलिस की तत्परता से गुजरात जाने से पहले मिला मोबाइल

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई सेंट्रल रेलवे पुलिस की तत्परता और सूझबूझ के चलते टैक्सी में छूटा एक यात्री का मोबाइल फोन कुछ ही समय में उसे वापस मिल गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की यात्री ने जमकर सराहना करते हुए मुंबई सेंट्रल रेलवे पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर 2026 की रात करीब 10:50 बजे विरेंद्र रघु सोलंकी (22), निवासी लोहार चॉल, कालबादेवी, मुंबई, अपना मोबाइल फोन खो जाने की शिकायत लेकर मुंबई सेंट्रल रेलवे पुलिस थाने पहुंचे। सोलंकी ने पुलिस को बताया कि मुंबई सेंट्रल यात्री आरक्षण केंद्र के पास टैक्सी से उतरते समय उनका मोबाइल फोन टैक्सी में ही छूट गया। मोबाइल स्विच ऑफ था और उन्हें टैक्सी का नंबर भी मालूम नहीं था। उन्हें गुजरात जाना था, इसलिए उन्होंने पुलिस से मदद की गुहार लगाई।मामले की गंभीरता को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मुंबई सेंट्रल यात्री आरक्षण केंद्र के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर उस टैक्सी की पहचान की गई, जिसमें यात्री का मोबाइल छूटा था। टैक्सी का नंबर एमएच-01-ए टी -5509 सामने आया।
इसके बाद रेलवे पुलिस के अधिकारियों ने यातायात पुलिस की मदद से टैक्सी चालक रमेश प्रसाद आग्रहाली (63) का पता लगाया। पुलिस ने चालक से संपर्क कर उसे मुंबई सेंट्रल रेलवे पुलिस थाने बुलाया। पूछताछ के बाद टैक्सी में मिला मोबाइल फोन सुरक्षित रूप से यात्री विरेंद्र सोलंकी को सौंप दिया गया।
मोबाइल वापस मिलने पर यात्री ने राहत की सांस ली और मुंबई सेंट्रल रेलवे पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का मनःपूर्वक आभार व्यक्त किया ।

अन्य समाचार