मुख्यपृष्ठनए समाचारधनंजय सिंह ने किसानों के पक्ष में उठाई आवाज

धनंजय सिंह ने किसानों के पक्ष में उठाई आवाज

-ग्रामीणों संग उप जिलाधिकारी पिंडरा को दिया ज्ञापन

सामना संवाददाता / वाराणसी 

पिंडरा, करखियांव के डिग्घी गांव में बारिश के बीच पानी निकासी और सार्वजनिक रास्ते को लेकर ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। किसानों का आरोप है कि नहर कचरे से पटने और क्षतिग्रस्त होने के कारण पानी नाद नदी तक नहीं पहुंच पा रहा है। इससे खेतों में पानी भरने से धान की फसल डूब गई है। मामले को लेकर किसान नेता धनंजय सिंह समेत ग्रामीणों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, त्रिलोचन महादेव से लहंगपुर, करखियांव-डिग्घी होते हुए  नाद नदी तक जाने वाली शारदा सहायक नहर पानी निकासी का प्रमुख जरिया है। आरोप है कि अमूल बिल्डिंग समेत आस-पास की कंपनियों के निर्माण के दौरान नहर क्षतिग्रस्त हुई और उसमें कचरा भर गया। पानी की निकासी बंद होने से क्षेत्र के खेतों में जलभराव हो गया और धान की फसल डूब गई। ग्राम प्रधान और लेखपाल को सूचना देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने का आरोप है।
इसी बीच डिग्घी के ग्रामीणों ने गांव के सार्वजनिक रास्ते पर भी कब्जे की शिकायत की है। शिकायत में केडी अग्रवाल और उनके पुत्र शुभम अग्रवाल पर सार्वजनिक रास्ते पर कॉलोनी बनाकर बाउंड्री और पक्का निर्माण कराने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ता बाधित होने से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में परेशानी हो रही है। आपात स्थिति में एंबुलेंस और दमकल पहुंचने में भी दिक्कत हो सकती है।
ग्रामीणों ने कॉलोनी का कचरा उनकी जमीन पर फेंकने का भी आरोप लगाया है। किसान नेता धनंजय सिंह और ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कराकर नहर की सफाई, पानी की निकासी और सार्वजनिक रास्ते से कथित कब्जा हटवाने की मांग की है। इस तरह की जानकारी संतोष चौहान ने दी है।

अन्य समाचार