-१०.३१ लाख का एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ बरामद
-गोदाम मालिक समेत ५ पर केस
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई से सटे भिवंडी में खाद्य सुरक्षा को लेकर चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अंजूर फाटा इलाके में पुलिस ने एक गोदाम पर कार्रवाई करते हुए करीब १०.३१ लाख रुपए मूल्य का एक्सपायर्ड और खराब खाद्य पदार्थ बरामद किया। पुलिस के मुताबिक इस माल को कथित तौर पर रखने, बेचने और वितरित करने की तैयारी थी। मामले में गोदाम मालिक समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
गोदाम में क्या-क्या मिला?
पुलिस के अनुसार, छापेमारी में चावल, आटा, स्नैक्स और कोल्ड ड्रिंक समेत कई खाद्य पदार्थ मिले। बरामद स्टॉक की अनुमानित कीमत १०.३१ लाख रुपए बताई गई है। कार्रवाई भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन की टीम ने की और अधिकारियों के अनुसार, छापेमारी गुरुवार को की गई थी। सवाल सिर्फ इतना नहीं कि एक्सपायर्ड माल गोदाम में पड़ा था। असली सवाल यह है कि अगर यही सामान बाजार में पहुंचता तो इसे खरीदने वाले आम ग्राहकों की सेहत का जिम्मेदार कौन होता?
कार्रवाई के बाद अगला सवाल
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन अब यह पता लगाना जरूरी होगा कि यह माल कहां से आया था, इसे कहां भेजा जाना था और क्या इससे पहले भी ऐसा स्टॉक बाजार में पहुंचाया गया था। भिवंडी की इस कार्रवाई ने एक बड़ा सवाल सामने ला दिया है कि अगर गोदाम में लाखों रुपए का एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ मौजूद था, तो उपभोक्ताओं की थाली तक पहुंचने से पहले इसकी जांच कौन कर रहा था?
