-‘ज्ञानेश कुमार को हटाओ, गिरफ्तार करो’
-वर्षा गायकवाड़ का एलान, सत्याग्रह से सड़क तक संघर्ष तेज
सामना संवाददाता / मुंबई
मतदाता सूची और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर कांग्रेस ने केंद्र एवं चुनाव आयोग के खिलाफ अपना विरोध तेज कर दिया है। मंगलवार को मुंबई की चैत्यभूमि पर ‘हम मुंबईकर’ की ओर से सत्याग्रह किया गया। इस दौरान संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष व सांसद वर्षा गायकवाड़ ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें पद से हटाकर गिरफ्तार किए जाने तक यह लड़ाई जारी रहेगी।
वर्षा गायकवाड़ ने आरोप लगाया कि संविधान ने १८ वर्ष से अधिक उम्र के नागरिकों को मतदान का अधिकार दिया है, लेकिन अब इसी अधिकार को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद हैं और उन्हें निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से कराना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है। चुनाव आयोग संवैधानिक रूप से स्वतंत्र संस्था है, लेकिन कांग्रेस का आरोप है कि उसकी कार्यप्रणाली पर राजनीतिक प्रभाव बढ़ रहा है।
उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर भी सवाल उठाए। गायकवाड़ का आरोप है कि मतदाता सूचियों से बड़ी संख्या में ऐसे नाम हटाए जा रहे हैं, जिनका हटना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया है और अब विपक्ष इस मुद्दे को लेकर सड़कों पर उतर रहा है। सत्याग्रह में पूर्व मंत्री असलम शेख, विधायक अमीन पटेल, डॉ. ज्योति गायकवाड़, भाई जगताप और सामाजिक कार्यकर्ता तुषार गांधी सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
एसआईआर पर कांग्रेस के सवाल
कांग्रेस ने विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर सवाल उठाते हुए मतदाता सूची में नाम हटाए जाने के आरोप लगाए। पार्टी नेताओं का कहना है कि मतदाता सूची में बदलाव पारदर्शी तरीके से होना चाहिए। चैत्यभूमि से कांग्रेस ने इस मुद्दे पर अपना आंदोलन तेज करने का संकेत दिया।
