मुख्यपृष्ठनए समाचारगेट पर रोका तो मुकदमा झेला!..एयू के 9 छात्र नामजद

गेट पर रोका तो मुकदमा झेला!..एयू के 9 छात्र नामजद

-छात्र संघ बहाली की मांग को लेकर प्रदर्शन के दौरान कुलसचिव की गाड़ी रोकने का आरोप, कई अज्ञात भी मुकदमे में शामिल

राजेश सरकार / प्रयागराज

इलाहाबाद विश्वविद्यालय में छात्र संघ बहाली की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच तनातनी अब थाने तक पहुंच गई है। मुख्य द्वार बंद कर विश्वविद्यालय का आवागमन बाधित करने और कामकाज में व्यवधान डालने के आरोप में कर्नलगंज थाने में नौ नामजद छात्रों समेत कई अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
घटना 29 सितंबर की शाम करीब 5:20 बजे सीनेट परिसर स्थित गेट नंबर-1 पर हुई। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक प्रदर्शन के दौरान मुख्य गेट को रोक दिया गया, जिससे शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों का आवागमन प्रभावित हुआ। आरोप है कि इसी दौरान विश्वविद्यालय के कुलसचिव की गाड़ी को भी रोक लिया गया और उन्हें वाहन से नीचे उतरने के लिए मजबूर किया गया।
इन छात्रों के नाम मुकदमे में प्रभारी कुलानुशासक प्रो. पवन कुमार शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने गौरव कुमार, आशुतोष मौर्य, अनुराग यादव, प्रियांशु भुरतिया, आयुष यादव (बीए द्वितीय वर्ष), अमित यादव (बीए तृतीय वर्ष), रोशन कुमार (बीए तृतीय वर्ष), राकेश कुमार (बीए द्वितीय वर्ष) और ऋषिकेश (एमएससी द्वितीय वर्ष, गणित) को नामजद किया है। इसके अलावा अन्य अज्ञात लोगों को भी प्राथमिकी में शामिल किया गया है।
मांग लोकतांत्रिक, तरीका बना विवाद का कारण
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि छात्रों की लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण मांगों पर वार्ता के लिए वह तैयार है। परिसर में धरना-प्रदर्शन के लिए स्थान भी निर्धारित है। प्रशासन का तर्क है कि मुख्य द्वार को अवरुद्ध करने से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और सामान्य आवागमन पर प्रतिकूल असर पड़ता है।
उधर, मुकदमे के बाद छात्र संघ बहाली को लेकर पहले से जारी खींचतान के और गहराने के आसार हैं। आंदोलन की मांग और प्रदर्शन के तरीके के बीच अब कानूनी कार्रवाई ने पूरे विवाद को नया मोड़ दे दिया है।
कर्नलगंज थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर मिश्रा के अनुसार मौके पर मौजूद लोगों, वीडियो फुटेज और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नामजद छात्रों की भूमिका की जांच की जा रही है। साथ ही अज्ञात लोगों की पहचान भी की जा रही है।

अन्य समाचार