मुख्यपृष्ठनए समाचारअवैध निर्माण पर पीडीए का शिकंजा...छह ठिकानों पर जड़ा ताला

अवैध निर्माण पर पीडीए का शिकंजा…छह ठिकानों पर जड़ा ताला

-दरियाबाद से अरैल रोड और सड़वा तक कार्रवाई; बिना अनुमति निर्माण कराने वालों में मचा हड़कंप

राजेश सरकार / प्रयागराज

शहर और यमुनापार में नियम-कायदों को ताक पर रखकर निर्माण कराने वालों पर प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सोमवार को जोनल अधिकारी सूरज कुमार पटेल के नेतृत्व में जोन-2 और जोन-4 के विभिन्न इलाकों में अभियान चलाकर छह अवैध निर्माणों को सीलबंद कर दिया गया।
पीडीए की कार्रवाई पाण्डेय चौराहा दरियाबाद, मवैया नैनी, अरैल रोड और न्यू शान्तिपुरम सड़वा तक पहुंची। कार्रवाई से उन लोगों में खलबली मच गई, जिन्होंने प्राधिकरण के नियमों की अनदेखी कर निर्माण खड़ा कर लिया था।
पीडीए के अनुसार, एम. सदमन व अन्य द्वारा दरियाबाद में भूखंड संख्या 882/1590ई के निकट किए गए निर्माण को सील किया गया। वहीं दिवस यादव के मवैया नैनी स्थित निर्माण तथा कृष्ण मूर्ति तिवारी के अरैल रोड स्थित निर्माण पर भी सील लगा दी गई। इसी क्रम में प्रवीर कुमार मिश्रा व अशोक कुमार मिश्रा के न्यू शान्तिपुरम सड़वा स्थित निर्माण, राहुल शुक्ला के न्यू शान्तिपुरम सड़वा स्थित निर्माण तथा संजू प्रजापति के निर्माण को भी सीलबंद किया गया।
नियमों को चुनौती दी तो लगा पीडीए का ताला
पीडीए की इस कार्रवाई ने एक बार फिर सवाल खड़ा किया है कि आखिर प्राधिकरण की अनुमति और निर्धारित मानकों की अनदेखी कर निर्माण खड़ा करने वालों को कार्रवाई का डर क्यों नहीं रहता? फिलहाल छह निर्माणों पर लगी सील ने साफ संकेत दिया है कि मनमाने निर्माण को वैधता का चोला पहनाकर छोड़ने का दौर नहीं चलेगा। कार्रवाई के दौरान भवन निरीक्षक कुंवर आनंद सिंह, सुपरवाइजर तथा पीडीए प्रवर्तन टीम मौजूद रही।

अन्य समाचार